
नईदुनिया न्यूज, बीजापुर : जिले में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा बलों व आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों ने करकेली से बेदरे मार्ग पर कच्ची पगडंडी के किनारे माओवादियों द्वारा पूर्व में लगाया गया लगभग पांच किलोग्राम वजन का टिफिन बम बरामद किया। समय रहते विस्फोटक का पता चलने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
जानकारी के अनुसार, मार्ग के किनारे संदिग्ध विस्फोटक होने की सूचना मिलने पर बम निरोधक दस्ते और थाना बेदरे के जवानों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान करीब पांच किलोग्राम वजनी टिफिन प्रेशर आइईडी बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में विस्फोटक को प्रेशर स्विच प्रणाली से लगाया जाना पाया गया।
इसके बाद बम निरोधक दस्ते के विशेषज्ञों और थाना बेदरे के जवानों ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए मौके पर ही विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से संभावित दुर्घटना और जनहानि का खतरा टल गया। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में लगातार सतर्कता बरती जा रही है, ताकि माओवादी गतिविधियों और उनके द्वारा लगाए गए विस्फोटकों से आम नागरिकों एवं जवानों को सुरक्षित रखा जा सके।
यह भी पढ़ें- CG में दीवाली पर छलके जाम, 5 दिन में 546 करोड़ की शराब गटक गए लोग, विदेशी ब्रांड्स की धूम