
नईदुनिया न्यूज, बीजापुर। माओवादी हिंसा के खात्मे के बाद भी उनके पुराने ठिकानों और जंगलों में छिपाई गई संदिग्ध सामग्री की तलाश के लिए सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में संयुक्त सुरक्षा बलों ने बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुंजेपर्ती के घने जंगल और पहाड़ी इलाके से माओवादियों का एक डंप बरामद किया है। तलाशी के दौरान जमीन में छिपाकर रखे गए नाइट विजन डिवाइस, वायरलेस सेट, कैमरा समेत कई अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बड़ी मात्रा में मेडिकल सामग्री मिली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 21 नवंबर को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि गुंजेपर्ती के जंगल में माओवादियों ने भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी है। इस सूचना के आधार पर संयुक्त सुरक्षा बल की टीम को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया। अगले दिन 22 नवंबर को उसूर थाना मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में सघन तलाशी के दौरान जवानों को यह डंप मिला।
यह भी पढ़ें- बीजापुर के जीड़पल्ली जंगल में माओवादी डंप बरामद, 2 बीजीएल लॉन्चर और 36 सेल मिले
बरामद की गई सामग्री में नाइट विजन डिवाइस और वायरलेस सेट के अलावा सोल्डरिंग मशीन, बैटरी, चार्जर, टॉर्च, एलईडी लैंप, मल्टीमीटर, दवाइयां और दैनिक उपयोग के अन्य सामान शामिल हैं। पुलिस ने सभी उपकरणों को जब्त कर थाना उसूर में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है।
बीजापुर पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि जंगल या पगडंडियों पर कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री दिखाई दे, तो उसे बिल्कुल न छुएं। इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या सुरक्षा कैंप को दें। वर्तमान में सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र में लगातार सर्चिंग, एरिया डॉमिनेशन और डीमाइनिंग अभियान चला रहे हैं।
यह भी पढ़ें- राजनांदगांव में हिड़मा के गाने पर कांग्रेस महामंत्री का वीडियो वायरल, भाजयुमो ने FIR की मांग की; सियासी विवाद तेज