
नईदुनिया प्रतिनिधि, भैरमगढ़। शनिवार को आधी रात आए तेज आंधी-तूफान ने भैरमगढ़ क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त किया, साथ ही कई मकानों की छत को नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के कारण कई मकानों की छतें क्षतिग्रस्त हो गईं तथा बिजली के खंभे टूटकर गिर गए। जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।

जानकारी के अनुसार, पुसनार में स्थित अमचो ढाबा की छत तेज हवा के कारण पूरी तरह उड़ गई। जानकारी अनुसार पूर्व मंत्री महेश गागड़ा के बंगले के सामने बिजली का खंभा टूटकर गिर गया। अचानक आए इस आंधी-तूफान से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।

बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई परिवारों को आर्थिक नुकसान हुआ है तथा जनजीवन प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किए जाने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- बेमेतरा MLA दीपेश साहू की बारात में 'सारथी' बने छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव, तस्वीरें वायरल