
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: बिलासा एयरपोर्ट के विकास के लिए फंड न होने संबंधी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट में उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा गया कि बिलासा एयरपोर्ट को फोर सी श्रेणी में उन्नयन की प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है।
इसके लिए पर्याप्त राशि की मंजूरी अभी भी अपेक्षित है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य का एक साल का बजट ही 176000 करोड रुपए है। यदि बजट का दशमलव शून्य एक प्रतिशत (0.01) भी आवंटित किया जाए तो बिलासपुर एयरपोर्ट फोरी श्रेणी में परिवर्तित हो जाएगा।
प्रतिनिधि मंडल का कहना है कि बिलासपुर एयरपोर्ट का रनवे केवल 1500 मीटर लंबा है। यहां बोइंग और एयर बस विमान उतर नहीं सकते। टर्मिनल बिल्डिंग छोटी है। यहां तक कि सबसे आवश्यक एटीसी टावर भी स्थाई नहीं है और मोबाइल टावर के भरोसे काम चल रहा है। इसके अलावा बिलासपुर कलेक्टर की ओर से रनवे विस्तार के लिए 63 करोड रुपए और एटीसी टावर के लिए 40 करोड रुपए का प्रस्ताव भेजा गया।
लेकिन, पांच महीने से विभाग में मंत्रालय स्तर पर लंबित है। बिलासपुर एयरपोर्ट को फोर सी श्रेणी में उन्नयन के लिए पूरी परियोजना लागत अधिकतम 300 करोड रुपए है। यह राशि दो वर्षों में दो किस्तों में आवश्यक है। उन्होंने अनुरोध किया कि बिलासपुर एयरपोर्ट को फोर सी श्रेणी में विकसित करने का वादा पूर्व में किया जा चुका है , उसे पूरा करने के लिए राज्य सरकार हाई कोर्ट में और सार्वजनिक रूप से घोषणा करें। प्रथम चरण में रनवे विस्तार और एटीसी टावर के लिए लंबित 103 करोड रुपए के प्रस्ताव को तुरंत स्वीकृति देकर टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कराई जाए।
समिति ने इस दुष्प्रचार का जोरदार शब्दों में खंडन किया कि दो शहरों के बीच 100 किलोमीटर की दूरी अगर हो तो बड़ा एयरपोर्ट नहीं बनाया जा सकता। समिति ने गया- पटना, लखनऊ- कानपुर, शिरडी- औरंगाबाद समेत 10 ऐसे उदाहरण दिए, जहां 80 से 150 किलोमीटर की दूरी के बीच दोनों शहर में दो बड़े एयरपोर्ट है।बिलासपुर एयरपोर्ट वैसे भी राज्य की 14 जिलों के सबसे नजदीक है। इस स्थिति को देखते हुए रायपुर के अलावा प्रदेश में एक दूसरे फोर सी श्रेणी एयरपोर्ट को विकसित करना जनहित में है और साथ ही यह राज्य के उत्तरी क्षेत्र के विकास में बड़ा योगदान भी देगा।
मुलाकात के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने समिति के प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास के लिए सरकार पीछे नहीं हटेगी। हालांकि समिति के सदस्यों ने उनसे इस विषय पर एक आधिकारिक वक्तव्य जारी करने की मांग की।
साथ ही यह भी कहा कि आधिकारिक रूप से वक्तव्य नहीं आने पर आंदोलन को तेज करने के अलावा और कोई रास्ता नहीं रहेगा। मुलाकात करने प्रतिनिधिमंडल में रामशरण यादव, महेश दुबे टाटा, देवेंद्र सिंह ठाकुर, समीर अहमद बबला, बद्री यादव, विजय वर्मा और सुदीप श्रीवास्तव शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर रेलवे की चेकिंग टीम ने 15 ट्रेनों में 569 बेटिकट यात्रियों से वसूला 4.68 लाख जुर्माना