
बिलासपुर। नईदुनिया प्रतिनधि। दीपावली पर्व पर शहरभर में जहां खुशियों की रोशनी रही, वहीं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। त्योहार के तीन दिनों (7 से 9 नवंबर) के भीतर सिम्स में 1100 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें सबसे अधिक मामले सड़क हादसों और आपसी मारपीट के दर्ज किए गए।
इसके अलावा पटाखों से झुलसने और धुएं के कारण सांस लेने में तकलीफ से पीड़ित मरीजों का भी इलाज किया गया। अस्पताल प्रबंधन ने त्योहार को देखते हुए पहले से ही व्यापक चिकित्सकीय इंतजाम किए थे, जिससे गंभीर से गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार मिल सका।
दीपावली के दौरान किसी भी अनहोनी या आपात स्थिति से निपटने के लिए संयुक्त संचालक एवं चिकित्सा अधीक्षक की ओर से सभी विभागाध्यक्षों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। एम्बुलेंस को स्टाफ सहित तीनों शिफ्टों में अलर्ट रखा गया था। सभी विभागाध्यक्षों एवं यूनिट प्रभारियों को ड्यूटी रोस्टर स्पष्ट रखने के साथ कंसल्टेंट, सीनियर-जूनियर रेजिडेंट, इंटर्न और चिकित्सा अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया था।
डाक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ को मोबाइल बंद न रखने और आपात सूचना पर तत्काल अस्पताल पहुंचने के निर्देश थे। वहीं आपरेशन थिएटर (ओटी) और आईसीयू में जीवनरक्षक दवाइयां, आईवी फ्लूड, आधुनिक उपकरण और पर्याप्त ब्लड स्टाक तैयार रखा गया था।इसी वजह से त्योहार शुरू के बाद सात से नौ नवंबर तक अलर्ट रहा और पहुंचने वालों को स्तरीय इलाज मिला है। इस दौरान 1100 से अधिक को तत्काल उपचार मिला है।
अधिष्ठाता डा़ रमणेश मूर्ति के नेतृत्व में दीपावली के दौरान अस्पताल के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, डाक्टरों व नर्सिंग स्टाफ की उपस्थिति तथा दवाइयों की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि आपात स्थिति में मरीजों के इलाज में 1 मिनट की भी देरी न हो।
वहीं, चिकित्सा अधीक्षक डा़ लखन सिंह ने आपातकालीन विभाग, एम्बुलेंस सेवाओं, ओटी और आईसीयू की व्यवस्थाओं की सीधी निगरानी की।
- कुल मरीज पहुंचे - 1156
- सड़क दुर्घटना में - 25 मरीज भर्ती
- मारपीट के मामले में - 10 मरीज भर्ती
- पटाखों से झुलसकर - 14 मरीज भर्ती
- पटाखों की वजह से सांस लेने में तकलीफ - 20 मरीज भर्ती
- आंखों में संक्रमण व चोट - छह मरीज भर्ती
- ओपीडी में मिला इलाज - 1077 मरीज
आंकड़ों का विश्लेषण करें तो तीन दिनों में सबसे ज्यादा मरीज सड़क दुर्घटनाओं और आपसी विवाद/मारपीट के पहुंचे। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण 25 लोग गंभीर रूप से घायल होकर भर्ती हुए, जबकि 896 लोगों को ओपीडी में प्राथमिक उपचार दिया गया। पटाखों के धुएं और बारूद के संपर्क में आने से सांस फूलने की समस्या लेकर 20 मरीज पहुंचे, जिन्हें तत्काल भर्ती कर ऑक्सीजन व आवश्यक दवाइयां दी गईं।
सिम्स प्रबंधन की मुस्तैदी और चिकित्सकों की तत्परता से 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहीं।यदि अभी भी कोई पटाखों आदि से झुलसता है या फिर अन्य कारणों से इलाज की आवश्यकता पड़ती है तो वे तत्काल सिम्स पहुंच सकते है। आपातकालीन स्थिति में सिम्स के इमरजेंसी डिपार्टमेंट के फोन नंबर 07752-222301 पर संपर्क किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में वेतन भुगतान मामले में बीएमओ चरामा को मांगनी पड़ी बिना शर्त माफी