
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। गतौरा रेलवे पुल के पास गुरुवार सुबह रेलवे लाइन पार करते समय एक युवती ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसके दोनों पैर कट गए। गंभीर रूप से घायल युवती को आरपीएफ के जवानों ने ट्रेन रुकवाकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचाया। यहां से उसे तत्काल सिम्स ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मस्तूरी क्षेत्र के गतौरा निवासी शिवकुमार बंजारे रोजी-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी 18 वर्षीय बेटी देविका बंजारे गुरुवार सुबह खेत में काम करने के लिए गई थी। खेत में काम पूरा करने के बाद वह घर लौट रही थी।
इसी दौरान गतौरा रेलवे पुल के पास रेलवे लाइन पार करते समय वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि युवती के दोनों पैर कट गए और वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गई।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर-रतनपुर-मस्तूरी मार्गों पर गड्ढों का राज, देवी धामों तक जाने वाली सड़कें बदहाल, टेंडर पास पर काम फेल
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन रुकवाई और घायल युवती को बिलासपुर रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया। इसके बाद उसे उपचार के लिए सिम्स भेजा गया, जहां डाक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।