बिलासपुर की सड़कों पर दौड़ेंगी 20 ई-बसें, 15 रूटों पर आसान और सस्ता होगा सफर, हाईटेक सुविधाओं से होगी लैस
आगामी नवंबर की शुरुआत से बिलासपुर की सड़कों पर 20 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू हो जाएगा, जिससे शहर का आवागमन पूरी तरह हाईटेक और सुगम...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 20 Oct 2026 05:32:59 PM (IST)Updated Date: Tue, 20 Oct 2026 05:32:59 PM (IST)
प्रदूषणमुक्त और हाईटेक होगा बिलासपुर का यातायात। (AI Generated Image)HighLights
- प्रदूषणमुक्त और हाईटेक होगा बिलासपुर का यातायात
- ई-बसों में सुरक्षा के लिए 6 सीसीटीवी और पैनिक बटन
- 50 बसों के बेड़े में से 20 बसें पहले चरण में होंगी शुरू
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। शहर में सार्वजनिक परिवहन का नक्शा जल्द ही बदलने वाला है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत शहरवासियों को जल्द ही पर्यावरण-अनुकूल और विश्वस्तरीय सफर का तोहफा मिलने वाला है। आगामी नवंबर की शुरुआत से बिलासपुर की सड़कों पर 20 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू हो जाएगा, जिससे शहर का आवागमन पूरी तरह हाईटेक और सुगम हो जाएगा।
शहर के विभिन्न 15 रूटों में चलेगी बसें
मालूम हो कि ई-बस की पहली खेप रायपुर पहुंच चुकी है। शहर स्तर पर संचालन की तैयारी का अंतिम चरण चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक नवंबर प्रथम सप्ताह में सिटी बस का संचालन शुरू किया जा सकता है। जो शहर के विभिन्न 15 रूटों में चलेगी। जिससे शहरी यातायात आसान व सस्ता हो सकेगा।
फैक्ट फाइल
- शुरुआत: नवंबर महीने के पहले सप्ताह से 20 ई-बसों का नियमित संचालन।
- बसों की कुल संख्या: पहले चरण में 20 और आने वाले दिनों में कुल 50 ई-बसें बेड़े में शामिल होंगी।
- चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर: कोनी में लगभग 8 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक चार्जिंग डिपो का निर्माण अंतिम चरण में है।
- कनेक्टिविटी: शहर के प्रमुख मार्गों के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों और उपनगरों को जोड़ा जाएगा।
यात्रियों के लिए क्या होगी खास सुविधाएं?
- यात्रियों को गर्मी और धूल से राहत देने के लिए एसी बसें चलाई जाएंगी।
- महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बस में 6 सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन की सुविधा होगी।
- यात्रियों को खुले पैसों की परेशानी से बचाने के लिए डिजिटल पेमेंट और लाइव लोकेशन ट्रैकिंग मोबाइल ऐप की सुविधा मिलेगी, जिससे बस का समय और रूट पहले से पता चल सके।
शहर से उपनगरों तक आसान सफर
प्रशासन द्वारा तैयार किए गए रूट प्लान के मुताबिक इन बसों को रेलवे स्टेशन, उसलापुर, कोनी, सकरी, मंगला, नेहरू चौक और सिरगिट्ठी जैसे मुख्य मार्गों पर उतारा जाएगा। इसके अलावा, आने वाले समय में यात्रियों की मांग और सहूलियत को देखते हुए रतनपुर और कानन पेंडारी जैसे नजदीकी पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक भी इन बसों के विस्तार की योजना है।
यह भी पढ़ें- खत्म होगा 9.30 करोड़ किसानों का इंतजार... इस दिन आ सकती है PM Kisan की अगली किस्त, तुरंत निपटा लें ये काम
नवंबर से शुरू होने वाली यह सेवा न सिर्फ बिलासपुर के ट्रैफिक के दबाव को कम करेगी बल्कि शहर को प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।