
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुकुलकारी (बड़ेकारी) में मंगलवार देर रात 26 वर्षीय युवक की कुएं में गिरकर मौत हो गई। घर के आंगन से बाहर निकले युवक प्रकाश भार्गव के अचानक कुएं में गिरने की आवाज सुनकर माता-पिता बदहवास हालत में उसे बचाने दौड़े, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से युवक को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पचपेड़ी थाना प्रभारी (टीआइ) कमला पुसाम ने बताया कि प्रकाश भार्गव (26 वर्ष) मंगलवार रात करीब 12 बजे लघुशंका के लिए घर के आंगन से बाहर निकला था। इसी दौरान घर के पास स्थित कुएं में कुछ गिरने की तेज आवाज आई। आवाज सुनकर घर में मौजूद माता-पिता घबराकर बाहर निकले। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन प्रकाश कहीं नजर नहीं आया। इसके बाद उन्हें आशंका हुई कि बेटा कुएं में गिर गया है।
यह भी पढ़ें- ट्रक की तेज रोशनी से बिगड़ा कार का संतुलन, 5 फीट दूर खुले कुएं में जा गिरी, तैरकर बाहर निकले तीन भाई
परिजन ने तत्काल शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। इस बीच डायल 112 की टीम को भी बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में कांटा डालकर युवक को कुएं से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- प्रेमी को घर बुलाया, चाकू से हमला कर कुएं में फेंका; बीजापुर में विवाहित प्रेमिका ने साथियों संग प्रेमी की हत्या की
जिस बेटे को बचाने के लिए माता-पिता आधी रात को बदहवास होकर दौड़े थे, उसे खोने के गम ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया। माता-पिता बेसुध हैं। परिवार और आसपास के लोग उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे हैं।