
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ईंटखेड़ी क्षेत्र में ट्रक की तेज रोशनी आंखों पर पड़ने से कार चालक का संतुलन बिगड़ा और कार सड़क से महज पांच फीट दूर खेत में बने खुले कुएं में जा गिरी। कार में सवार तीनों भाई कुएं में डूबने लगे, लेकिन तैरना जानने और कुएं के अंदर लगे पेड़ का सहारा मिलने से उनकी जान बच गई। हादसा निपानिया जाट-कनेरा रोड पर हुआ। ईंटखेड़ी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, करोंद खुर्द निवासी ज्ञान सिंह और प्रेम सिंह लोधी अपने भाई के साथ भोपाल से घर लौट रहे थे। सभी कारोबार से जुड़े हैं। शुक्रवार रात करीब 10 बजे उनके घर में पटाखे से आग लगने की सूचना मिली थी। घर में फर्नीचर में आग लगी थी। आग बुझाने के लिए तीनों वहां पहुंचे थे।
इसके बाद करीब डेढ़ बजे कार से वापस लौट रहे थे। निपानिया से कनेरा रोड की ओर मुड़ते समय सामने से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी कार चालक की आंखों पर पड़ी। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में बने पुराने कुएं में गिर गई। सड़क डामर की थी और कुआं उससे करीब पांच फीट की दूरी पर था। कुएं की मुंडेर नहीं होने के कारण कार सीधे पानी में समा गई।
यह भी पढ़ें- एमपी में ठंडी हवाओं से बदला मौसम, पचमढ़ी से अधिक ठंडी इंदौर-भोपाल की रात, कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी
तीनों भाई कार से बाहर निकलकर कुएं में लगे पेड़ को पकड़ते हुए तैरकर बाहर आए। शनिवार को दोपहर में कार को भी निकलवाया गया। हादसे में उनकी जान बाल-बाल बची। कुआं पुराने शहर में रहने वाले जैन बंधुओं का बताया जा रहा है। ईंटखेड़ी पुलिस घटना की जांच कर रही है।