
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। धनतेरस पर शुक्रवार को बिलासपुर के बाजारों में ऐसी धनवर्षा हुई कि समृद्धि के सारे पुराने पैमाने पीछे छूट गए। सराफा बाजार ने पहली बार शतक का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया, तो आटोमोबाइल सेक्टर में 1800 दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बुकिंग व डिलीवरी ने नई रफ्तार दर्ज की। स्टील, इलेक्ट्रानिक्स और कपड़ा बाजार भी खरीदारों से गुलजार रहे।
परंपरा का उत्साह ऐसा कि दो लाख से अधिक महिलाओं ने शुभता के प्रतीक झाड़ू खरीदे। सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर एआई स्मार्टफोन और नई गाड़ियों तक हर तरफ खरीदारी की चमक रही। 400 करोड़ रुपये का अनुमानित कारोबार हुआ। यह सिर्फ धनतेरस की खरीदारी नहीं, शहर के बाजारों की अब तक की सबसे बड़ी कारोबारी उपलब्धियों में से एक बन गई।
धनतेरस के बाजार का आकलन करें तो इस बार खरीदारी का मिजाज पिछले वर्षों से कहीं अधिक व्यापक नजर आया। सराफा बाजार में ग्राहकों ने सोने के हल्के आभूषण, चांदी के सिक्के व बिस्किट और उपहार वाली वस्तुओं को प्राथमिकता दी। स्टील बाजार में रसोई के उपयोगी सामान के साथ आकर्षक डिनर सेट की मांग रही। इलेक्ट्रानिक्स में स्मार्ट टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और एआई आधारित मोबाइल फोन की पूछपरख रही।
आटोमोबाइल कारोबार में दोपहिया और चारपहिया दोनों श्रेणियों में ग्राहकों का उत्साह दिखाई दिया। 1800 बाइक और कारों की बुकिंग व डिलीवरी हुई। कपड़ा बाजार में दीपावली के साथ शादी के सीजन की तैयारी ने खरीदारी को और गति दी। साड़ी, सूट, लहंगा, रेडीमेड और बच्चों के कपड़े खूब पसंद किए गए।
पिछले वर्षों की तुलना में इस बार बाजार का विस्तार केवल बिक्री की मात्रा में नहीं, उत्पादों की विविधता में भी दिखाई दिया। 2022 में कोरोना के बाद बाजार ने रफ्तार पकड़ी थी। 2023 में सराफा और इलेक्ट्रानिक्स में अच्छी मांग रही। 2024 में कार-बाइक की संयुक्त डिलीवरी 1265 और 2025 में 1500 रही। इस बार यह संख्या 1800 हो गई, जिसने अलग-अलग श्रेणियों में कारोबार की ताकत दिखाई।
धनतेरस के दिन सोने का भाव करीब 1.42 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। सप्ताह के दौरान कीमत सात महीने के निचले स्तर तक पहुंची थी। हालांकि पिछले साल के मुकाबले सोना अब भी महंगा है। लेकिन इस साल लगातार बने रहे भाव के बीच यह गिरावट है। इस नरमी ने उन ग्राहकों को खरीदारी का अवसर दिया जो लंबे समय से कीमत घटने का इंतजार कर रहे थे।
एआई मोबाइल में कैमरे से आगे की पसंद, 430 स्कूटी
इस बार स्मार्टफोन खरीदने वालों के लिए एआई फीचर भी महत्वपूर्ण रहे। फोटो एडिटिंग, लाइव ट्रांसलेशन, वायस असिस्टेंट, स्मार्ट सर्च और एआई आधारित कंटेंट बनाने की सुविधा ने मोबाइल की उपयोगिता बढ़ाई। ब्रांडेड माडल राष्ट्रीय बाजार में चर्चा में रहे। इसके अलावा युवतियों की पहली पसंद स्कूटी ने रिकार्ड बनाया। करीब 400 स्कूटी की बुकिंग व डिलीवरी हुई है।
महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान और वाहनों की खरीदारी में बैंक ऑफर, एक्सचेंज बोनस और आसान किस्तों ने ग्राहकों को सहूलियत दी। ग्राहकों ने बजट के अनुसार डाउन पेमेंट और मासिक किस्त का विकल्प चुना। मोबाइल, टीवी, लैपटाप और घरेलू उपकरणों में ऑफर ने खरीदारी के निर्णय को आसान बनाया। इसके अलावा कहीं तीर चलाओ इनाम जितो, बंदूक से निशाना लगाओ आकर्षक पुरस्कार पाओ भी था।
सदर बाजार, गोलबाजार, शनिचरी बाजार, हटरी चौक और तेलीपारा में भीड़ नियंत्रण पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रही। यातायात पुलिस ने वन-वे, नो-पार्किंग और डायवर्जन की व्यवस्था तैयार की। गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड, सिम्स तिराहा और रामसेतु चौक से जरूरत के मुताबिक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजने की योजना बनाई गई।
यह भी पढ़ें- पांच करोड़ के नोट, ढाई करोड़ की गोल्ड ज्वैलरी... 15 देशों की करेंसी से सजा मां महालक्ष्मी का दरबार
कोतवाली चौक मल्टीलेवल पार्किंग, शास्त्री स्कूल मैदान, हैप्पी स्ट्रीट, नई रिवर व्यू, बाजपेयी मैदान और लखीराम आडिटोरियम समेत आठ पार्किंग स्थल तय किए गए। दुकानदारों को सड़क पर सामान नहीं फैलाने के निर्देश दिए गए, ताकि पैदल ग्राहकों और आपात सेवाओं के लिए रास्ता खुला रहे। इसके अलावा सभी चौक-चौराहों पर पुलिस के जवान देर रात तक तैनात रहे।
यह भी पढ़ें- दीपावली-छठ पर चर्लपल्ली-बरौनी स्पेशल ट्रेन, गरीब रथ भी नए नंबर से दौड़ेगी