
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: शहर में रविवार को हुई 20 मिनट की बारिश ने बिजली व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। बारिश और हवाओं के कारण शहर के कई इलाकों में अचानक अंधेरा छा गया। कहीं बिजली के तारों पर पेड़ों की डंगाल गिर गई, तो कहीं ट्रांसफार्मर और बिजली खंभों में तकनीकी खराबी आने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इससे उपभोक्ताओं को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम का मिजाज बदलते ही हमेशा की तरह सबसे पहला प्रभाव बिजली पर ही पड़ता है। रविवार को भी यही हुआ। आधे शहर की बिजली गुल हो गई। पेड़ों की शाखाएं टूटकर बिजली तारों पर गिर गईं, जिससे कई फीडरों की सप्लाई प्रभावित हुई। वहीं कुछ स्थानों पर ट्रांसफार्मरों में तकनीकी खराबी और खंभों से जुड़े उपकरणों में फाल्ट आने की शिकायतें भी सामने आईं।
अचानक बिजली बंद होने से घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कामकाज प्रभावित हुआ। बिजली गुल होने के बाद लोगों ने विद्युत विभाग के शिकायत केंद्रों में लगातार संपर्क किया। कई क्षेत्रों में अंधेरा होने के कारण लोगों को गर्मी और उमस का भी सामना करना पड़ा। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को अधिक परेशानी हुई। बाजार क्षेत्रों में भी बिजली बंद रहने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित रहीं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली कई ट्रेनें रद, कई के समय और रूट में बदलाव, देखें पूरी सूची
हालांकि शिकायत मिलते ही विभाग की टीम सुधार कार्य में जुट गई। तारों पर गिरी डंगालों को हटाने तथा ट्रांसफार्मर और अन्य उपकरणों में आई खराबी को दूर करने का काम किया गया।