
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: स्कूल और कालेज के सांस्कृतिक मंच पर अब छत्तीसगढ़ी लोकधुनों की गूंज सुनाई देगी। अमेरिका में रहकर अपनी माटी की भाषा और संस्कृति को दुनिया तक पहुंचाने में जुटे बिलासपुर जिले के चिल्हाटी निवासी नीरज शर्मा ने अपने संगीत चैनल दुवारी के माध्यम से ‘झूम ले संगवारी’ प्रतियोगिता शुरू की है। इसमें छत्तीसगढ़ के स्कूल और कालेज के विद्यार्थी अपनी प्रस्तुति देकर प्रदेश की लोकसंस्कृति को नया मंच दे सकेंगे।
नीरज शर्मा और उनके छोटे भाई पंकज शर्मा की संगीत यात्रा बचपन से शुरू हुई। पिता विजय शर्मा गांव में रामायण गायन करते थे। घर में हारमोनियम बजाने, गायन और बांसुरी वादन का माहौल रहा। इसी प्रेरणा से दोनों भाइयों ने संगीत को अपनी अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया।
अब नीरज ने अपने यूट्यूब चैनल दुवारी की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी को समर्पित गीत ‘झूम ले संगवारी’ से की है। इस गीत को सुनील सोनी और कंचन जोशी ने आवाज दी है। इसके बोल टाकेश साहू और जीतेंद्रियम देवांगन ने लिखे हैं। संगीत संयोजन जीतेंद्रियम देवांगन का है। अभिनय जीवन साहू और तिरांजलि गोस्वामी ने किया है। निर्देशन एवं नृत्य संयोजन पद्मा देवांगन ने किया है।
इसी गीत को स्कूल-कालेज और विश्वविद्यालयों तक पहुंचाने के लिए एक नवंबर से 31 जनवरी 2027 तक प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। संस्थान अपने वार्षिक उत्सव अथवा सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों से गीत पर प्रस्तुति करा सकेंगे। परिणाम 20 फरवरी 2027 को माघ पूर्णिमा पर घोषित होंगे। श्रेष्ठ तीन संस्थानों को स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पहले तीन स्कूल-कालेजों को विशेष स्मृतिचिह्न प्रदान किए जाएंगे। इतना ही नहीं, विजेता संस्थानों की प्रस्तुतियों को छत्तीसगढ़िया अमेरिकन के यूट्यूब चैनल पर भी स्थान मिलेगा। इससे विद्यार्थियों की प्रतिभा केवल उनके संस्थान तक सीमित नहीं रहेगी, प्रदेश और देश के बाहर बैठे छत्तीसगढ़ी संस्कृति के प्रेमियों तक भी पहुंच सकेगी।
प्रतियोगिता की एक खास बात यह भी है कि नीरज शर्मा स्वयं विजेता स्कूल-कालेजों में पहुंचेंगे। वहां प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों और संस्थान के कर्मचारियों से मुलाकात करेंगे। विद्यार्थियों के साथ विशेष इंस्टाग्राम और फेसबुक रील भी तैयार की जाएगी। इस पहल से प्रतिभागियों को अपनी कला दिखाने के साथ सांस्कृतिक पहचान बनाने और दूसरे विद्यार्थियों को प्रेरित करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए संस्थानों को प्रस्तुति का वीडियो कार्यक्रम पूरा होने के बाद गूगल ड्राइव पर अपलोड करना होगा। निर्धारित पंजीयन प्रपत्र में स्कूल-कालेज का नाम, कार्यक्रम का नाम, प्रतिभागियों के नाम, शिक्षक समन्वयक और संपर्क नंबर दर्ज करना होगा। वीडियो का साझा करने का अधिकार सभी के लिए देखने योग्य रखना अनिवार्य है। वीडियो जमा होने के बाद ही भागीदारी पूरी मानी जाएगी।
यह भी पढ़ें- वन्यजीवों के लिए रेल पटरियां बन रहीं काल, बालाघाट में बाघ शावक के बाद अब उमरिया में ट्रेन से कटकर भालू की मौत