"जब तक तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं": कोयला मजदूर ने 38 साल की मेहनत से बंजर जमीन को बनाया हरित स्वर्ग
करमपुर में सेवानिवृत्त कोयला मजदूर राजेन्द्र कुमार दुबे ने 38 साल की मेहनत से बंजर जमीन पर 500 से अधिक पेड़ उगाए हैं, जिसे अब सीएसआर मद से ऑक्सीजन पार्क बनाने के निर्देश मिले हैं।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 09:25:06 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 09:25:06 PM (IST)
विकसित किया गया पार्कफोटो नईदुनियाHighLights
- हकीकत का 'मांझी' बना छत्तीसगढ़ का यह कोयला मजदूर
- अकेले दम पर 38 साल में उगा दिए 500 से ज्यादा पेड़
- जीवनभर की कमाई लुटाकर बंजर धरती पर उतारा 'हरित स्वर्ग'
नईदुनिया न्यूज, बिश्रामपुर: कभी बंजर और वीरान पड़ी जमीन पर हरियाली का संसार बसाने के लिए एक सेवानिवृत्त कोयला मजदूर ने अपनी जिंदगी के 38 साल और जीवनभर की कमाई लगा दी। पांच एकड़ में फैले इस हरित परिसर में आज आम, कटहल, नारियल, लीची, काजू, रुद्राक्ष, पीपल, बरगद सहित विभिन्न प्रजातियों के सैकड़ों पेड़ लहलहा रहे हैं।
साथ ही यहां श्री संकट मोचन पंचमुखी हनुमान मंदिर भी स्थापित है। खान प्रभावित ग्राम करमपुर स्थित इस स्थल को श्री पवनपुत्र ऑक्सीजन पार्क के रूप में विकसित करने की पहल अब प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) तक पहुंच गई है।
पर्यावरण संरक्षण को बनाया जीवन का मिशन
खास बात यह है कि प्रशासनिक जांच में भी यहां लगभग 500 वृक्षों के होने और ग्रामीणों की सहमति की पुष्टि हुई है। अब इसके विकास की उम्मीद जिला प्रशासन के माध्यम से सीएसआर मद से प्रस्ताव भेजे जाने पर टिकी है। ग्राम करमपुर निवासी 63 वर्षीय सेवानिवृत्त कोयला खान मजदूर राजेन्द्र कुमार दुबे ने पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया। उनका कहना है कि लगभग 38 वर्षों से वे लगातार इस बंजर भूमि पर पौधारोपण और संरक्षण का कार्य कर रहे हैं।
मंदिर और हरित परिसर
वर्ष 2000 में मंदिर निर्माण शुरू हुआ और 2003 में इसकी स्थापना हुई। धीरे-धीरे यह परिसर हरियाली से भर गया। आज यहां फलदार, छायादार और धार्मिक महत्व के पौधों के साथ फूलों की भी अनेक प्रजातियां मौजूद हैं। आसपास के लोग भी इस स्थल को देखने पहुंचते हैं।
2008 से शुरू हुआ संघर्ष, पीएमओ तक पहुंची गुहार
इस स्थल को सार्वजनिक पहचान और सुविधाएं दिलाने के लिए दुबे ने वर्ष 2008 से शासन-प्रशासन का दरवाजा खटखटाना शुरू किया। 20 अगस्त 2015 को तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को जनदर्शन के माध्यम से आवेदन देकर इसे पर्यावरण प्रेरणा एवं दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की। बाद में जिला प्रशासन की ओर से उन्हें ट्रस्ट बनाकर पंजीयन कराने की सलाह दी गई।
लेकिन दुबे चाहते हैं कि इसका संचालन व्यक्तिगत ट्रस्ट के बजाय शासन के अधीन हो तथा कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति या ट्रस्ट गठित कर इसका विकास किया जाए, ताकि भविष्य में संपत्ति को लेकर कोई विवाद न हो। मामला पीएमओ तक पहुंचने के बाद प्रशासन ने जांच कराई।
जांच में पुष्टि, अब सीएसआर मद से विकास की उम्मीद
जांच में आवेदक द्वारा लगाए गए लगभग 500 विभिन्न प्रजातियों के वृक्षों की पुष्टि ग्रामवासियों ने भी की। ग्रामीणों ने पंचायत समिति अथवा कलेक्टर की अध्यक्षता में ट्रस्ट बनाकर ऑक्सीजन पार्क विकसित किए जाने पर कोई आपत्ति नहीं जताई। प्रशासनिक पत्र में बताया गया है कि कलेक्टर द्वारा इस स्थल के विकास के लिए सीएसआर मद में प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- मौत हादसा या साजिश..चार दिन से लापता CG कृषि विभाग का क्लर्क, दलदल में धंसा मिला शव