
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। शहर के उस्लापुर स्थित साईनगर कुआंपारा क्षेत्र से एक विवाहिता अपनी दो मासूम बेटियों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। पति की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। महिला का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
पीड़ित पति संतदास मानिकपुरी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वे हलवाई का काम करते हैं। घटना वाले दिन 6 नवंबर की दोपहर करीब दो बजे वे काम के सिलसिले में ग्रैंड अंबा होटल गए हुए थे। उस समय घर पर उनकी पत्नी रेखा मानिकपुरी और दोनों बेटियां-हीना (12 वर्ष) तथा भूमि (6 वर्ष) मौजूद थीं।
जब संतदास रात करीब आठ बजे काम से घर वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ मिला। आसपास पूछताछ करने पर पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी हीना घर की चाबी उन्हें सौंपकर अपनी मां और छोटी बहन के साथ कहीं चली गई है।
पति संतदास ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के संभावित ठिकानों पर पत्नी और दोनों बेटियों की काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। संपर्क साधने की कोशिश करने पर पत्नी का मोबाइल फोन भी लगातार बंद मिला।
इसके बाद अनहोनी और अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्नी व बेटियों का अपहरण किए जाने की आशंका जताते हुए संतदास मानिकपुरी ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और तकनीकी साक्ष्यों व आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला व बच्चियों की पतासाजी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- सरगुजा के गब्बर का खौफ खत्म रे भैया: अब गले में कॉलर आईडी, हर घंटे मिल रही कबरा हाथी की लोकेशन