
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। शहर के मंगला क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 13 स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में गरीबों के निवाले पर डाका डालने का मामला सामने आया है। संचालक द्वारा राशन कार्ड जब्त करने और अनाज के बदले अवैध वसूली की शिकायत लेकर पीड़ित कार्डधारी सीधे कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। जनदर्शन में शिकायत के बाद प्रशासनिक अधिकारियों से मिले आवेदन के बाद खाद्य अमले ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पंडित दीनदयाल नगर मंगला के वार्डवासियों ने शासकीय उचित मूल्य दुकान आईडी 401001135 के संचालक विक्रम रजक की मनमानी की पूरी पोल खोलकर रख दी। कार्डधारियों ने बताया कि दुकान कभी समय पर नहीं खुलती और जब खुलती है, तो गरीबों को उनका पूरा हक नहीं दिया जाता। हितग्राहियों को केवल चावल थमा दिया जाता है, जबकि शक्कर, गेहूं, दाल और नमक देने से साफ मना कर दिया जाता है। अपनी दैनिक मजदूरी छोड़कर गरीब व श्रमिक वर्ग के लोग चार दिनों तक दुकान के चक्कर काटने को विवश हैं।
हद तो यह है कि मूल संचालक मौके से नदारद रहकर किसी अनाधिकृत व्यक्ति से दुकान चलवा रहा है। इतना ही नहीं, हितग्राहियों के राशन कार्ड दुकान में बंधक रख लिए जाते हैं और राशन देने के एवज में अवैध वसूली की जाती है।
अरविंद कश्यप, संजय शर्मा, सतीश साहू, विक्की सूर्यवंशी सहित वार्डवासियों की व्यथा सुनकर शिकायत को गंभीरता से लिया गया। कलेक्ट्रेट से निर्देश मिलते ही खाद्य विभाग हरकत में आया और पड़ताल की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कार्ड बंधक बनाकर वसूली, राशन से काट रहे नाम
शिकायत लेकर पहुंचे कार्डधारियों ने बताया कि संचालक ने उनके मूल राशन कार्ड अपने पास दबाकर रख लिए हैं। जब गरीब मजदूर अपना अनाज मांगने जाते हैं, तो उनसे अवैध पैसों की मांग की जाती है। पैसे न देने पर कार्ड निरस्त कराने और राशन सूची से नाम कटवाने की खुली धमकी दी जाती है, जिससे श्रमिक वर्ग भारी दहशत में है।
यह भी पढ़ें- अमृत भारत योजना से बदलेगा उसलापुर स्टेशन, 24 ट्रेनों के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
मौके पर पहुंचेगा खाद्य अमला, बयान होंगे दर्ज
शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम ने दुकान की स्टॉक पंजी, वितरण रजिस्टर और पीओएस मशीन का डाटा खंगालना शुरू कर दिया है। जांच अधिकारी जल्द ही मंगला में मौके पर पहुंचकर प्रभावित कार्डधारियों के विधिवत बयान दर्ज करेंगे। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी की पुष्टि होते ही दुकान का आवंटन निरस्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।