_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम कनेरी में फसल की मवेशियों से सुरक्षा के लिए लगाए झटका मशीन के करंट की चपेट में आकर 15 साल की किशोरी की मौत हो गई। इसकी सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है। पुलिस ने इसकी सूचना पर बिजली विभाग के अधिकारियों को भी दी है। साथ ही खेत मालिक की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
चकरभाठा टीआइ अनिल अग्रवाल ने बताया कि ग्राम कनेरी में रहने वाले किसान ने अपने फसल की सुरक्षा के लिए झटका मशीन लगा रखा था। इसकी चपेट में आने पर करंट का झटका लगता है। इससे मवेशी खेत से दूर रहते हैं। मंलगवार को गांव में रहने वाली मनिका बंजारे(15) खेत के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान वह तार की चपेट में आ गई। इससे किशोरी को जोर का झटका लगा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। घटना की सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को भी दी गई है। साथ ही शव का पीएम कराया गया है। पीएम रिपोर्ट और बिजली विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खेत मालिक से भी पूछताछ की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सरकंडा में खेल मैदान पर कबाड़ गाड़ियों का कब्जा, विरोध पर गाली-गलौज और धमकी का आरोप
बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही आई सामने
बताया जाता है कि करंट से मौत की सूचना सबसे पहले बिजली विभाग के अधिकारियों को दी गई। इसके बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे पहले भी कोटवार की मौत के मामले में भी विभाग की ओर से गंभीर लापरवाही बरती गई। अब दूसरा मामला सामने आने के बाद भी विभाग के अधिकारी उदासीन बने रहे।