
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के राजकिशोर नगर स्थित तुलसी आवास में अवैध मवेशी पालन, गंदगी और बच्चों के खेल मैदान पर कब्जे से परेशान रहवासियों ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार देर रात बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी सरकंडा थाने पहुंचे और एक परिवार के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की।
सरकंडा टीआइ नरेश चौहान ने बताया कि राजकिशोर नगर में रहने वाला रामकुमार साहू का परिवार पिछले 15-20 वर्षों से अवैध रूप से गाय पालन कर रहा है। मवेशियों के खुलेआम घूमने से लोगों की गाड़ियों और घरों के सामान को नुकसान पहुंच रहा है। वहीं, पूरे इलाके में गंदगी फैली रहती है।आरोप है कि बच्चों के खेलने के लिए बने मैदान में छह-सात कबाड़ गाड़ियां खड़ी कर कब्जा कर लिया गया है। जब रहवासी इसका विरोध करते हैं तो रामकुमार की बेटी प्रियंका साहू उर्फ छोटी और बेटा रितुराज साहू गाली-गलौज कर विवाद करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने 14 वर्षीय बेटे के साथ रहने से इनकार करने पर पिता की कस्टडी अपील खारिज की
निगम के नोटिस का भी नहीं हुआ असर
रहवासियों ने बताया कि नगर निगम आयुक्त और एसएसपी से पहले भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। निगम की ओर से केवल नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई। टीआई नरेश चौहान ने बताया कि एक पक्ष ने शिकायत की है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।