_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। अशोक नगर निवासी रोजी-मजदूरी करने वाले राहुल यादव मंगलवार को, अपनी दिव्यांग पत्नी बबीता यादव को गोद में उठाकर कलेक्टर के जनदर्शन में पहुंचे, तो वहां मौजूद हर की आंखें उनकी ही ओर थी। पीड़ित पति ने रुंधे गले से अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि साहब 16 और 17 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश में हमारा घर बह गया। न तो अब सिर छुपाने की कोई जगह बची है और न ही रहने का कोई साधन।
राहुल ने बताया कि आपदा के दौरान उनका घर पूरी तरह तबाह हो गया, वहीं वर्ष 2023 में शासन से मिली दिव्यांग तीन पहिया साइकिल भी पानी में डूबकर खराब हो चुकी है। रोजी-मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पेट पालने वाले राहुल के सामने अब बेघर होने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। कोई सहारा न दिखता देख, वह अपनी दिव्यांग पत्नी को गोद में उठाए विस्थापन और आशियाने की गुहार लगाने जिला प्रशासन के साप्ताहिक जनदर्शन में पहुंचे थे।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने लाचार दंपति की आपबीती बेहद संवेदनशीलता से सुनी और मौके पर मौजूद अधिकारियों को पीड़ित परिवार को तत्काल राहत राशि स्वीकृत करने तथा विस्थापन व आवास की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने भी नागरिकों की शिकायतें सुनीं।
यह भी पढ़ें- ब्रेकअप के बाद पार कीं बेशर्मी की हदें! तोरवा में व्हाट्सएप हैक कर युवती के निजी वीडियो किए वायरल
रेशम पालन के नाम पर राशि के दुरुपयोग की शिकायत
मस्तुरी के ग्राम दर्राभांठा के सरपंच ने जनदर्शन में ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि शासकीय भूमि पर संचालित रेशम पालन योजना में भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने वर्तमान संचालक समूह पर कई वर्षों से अलग-अलग खातों में सरकारी राशि डालकर लाखों रुपए के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की।
दिव्यांग चंदन ने मांगी मत्स्य पालन की अनुमति
ग्राम बाम्हू खैरा के पूर्ण दिव्यांग चंदन कुमार ने घर के पास स्थित शासकीय तालाब में मत्स्य पालन की अनुमति मांगी। चंदन ने बताया कि शारीरिक असमर्थता के कारण वे अन्य मजदूरी नहीं कर सकते। पूर्व में आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई न होने पर उन्होंने आत्मनिर्भर बनने के लिए तालाब आवंटन की गुहार लगाई।
सीबीजी संयंत्र से नाला बाधित, फसलों में जलभराव से नुकसान
ग्राम सेंदरी एवं कछार के किसानों ने संयुक्त आवेदन देकर शिकायत की कि सीबीजी संयंत्र निर्माण के बाद से बरसाती नाले का प्राकृतिक बहाव रुक गया है। खेतों में पानी भरने से फसलें नष्ट हो रही हैं। किसानों ने फसल क्षतिपूर्ति और नाले की स्थायी सफाई कराने की मांग रखी।
शार्ट सर्किट से जला मकान, 6 माह बाद भी मुआवजा नहीं
बेलगहना के ग्राम बहरामुड़ा निवासी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि जनवरी 2026 में शार्ट सर्किट से उनका पूरा मकान और सामान जलकर नष्ट हो गया था। आपदा राहत मद से मुआवजे के लिए पूर्व में आवेदन देने के बावजूद अब तक राशि नहीं मिली है। उन्होंने शीघ्र भुगतान कराने की गुहार लगाई।
हाई स्कूल धनगवां में गणित शिक्षक की नियुक्ति की मांग
मस्तुरी के शासकीय हाई स्कूल धनगवां की शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने कलेक्टर को बताया कि लंबे समय से स्कूल में गणित का शिक्षक नहीं है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और बोर्ड परीक्षा की तैयारी में बाधा आ रही है। समिति ने तत्काल शिक्षक की पदस्थापना करने की मांग की।
दीनदयाल कालोनी में ट्रांसफार्मर खराब, बिजली ठप
मंगला स्थित दीनदयाल कालोनी के रहवासियों ने बार-बार बिजली गुल होने की शिकायत दर्ज कराई। नागरिकों ने बताया कि कालोनी का ट्रांसफार्मर खराब होने से कई घंटों तक आपूर्ति ठप रहती है, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है। उन्होंने नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग रखी।
मोपका गौशाला से गाय वापस दिलाने की गुहार
जनदर्शन में अमेरी निवासी रोहित कुमार ने आवेदन देकर मोपका गौशाला में बंद अपनी गाय को वापस दिलाने का निवेदन किया। कलेक्टर ने संबंधित नगर निगम के अधिकारियों को समयसीमा के भीतर समस्या का निराकरण के निर्देश दिए।
तिलक नगर स्कूल के बच्चो ने कहा नहीं हुई पढाई इस लिए हुए फेल
पिछले कई दिनों से स्वामी आत्मानंद उतकृष्ठ विद्यालय अंग्रेजी माध्यम तिलक नगर में अध्ययनरत कक्षा 9वीं और 11वीं के बच्चे अपने अभिभावक के साथ पहुंचे। उन्होंने स्कूल में पढाई न होने और बच्चो को सामुहिक रूप से फेल करने की शिकायत कलेक्टर से की। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले में जांच कराने के निर्देश दिए है।
अशोक नगर निवासी बबीता यादव और उनके पति ने अपनी समस्या बताई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि उनके पुनर्वास व ट्राई सायकल की जो समस्या है उसका निवारण करें। इसके अलावा जनदर्शन में आए सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई की जा रही है।संजय अग्रवाल, कलेक्टर बिलासपुर