_20261018_19154_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर : सूरजपुर जिले के दूरस्थ क्षेत्र चांदनी बिहारपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कुबेरपुर में शनिवार को सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत के बाद ग्रामीणाें का आक्रोश भड़क उठा। क्रशर से गिट्टी लेकर जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
देर शाम लोगों की भीड़ ने कुबेरपुर के पास संचालित क्रशर प्लांट में आग लगा दी। मौके पर मौजूद मौजूद प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को ग्रामीणों को बंधक बना लिया। उन्होने अपनी मांगे पूरी नहीं तक अधिकारियों को नहीं छोड़ने की बात कही। इससे स्थिति और बिगड़ गई।सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल और अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। खबर लिखे जाने तक गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी।
ग्रामीणों ने बस्ती के अंदर संचालित क्रशर प्लांट को हटाने, हादसे के जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक पर कार्रवाई करने और मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कुबेरपुर निवासी संजय जायसवाल की पत्नी चंद्रावती जायसवाल बिहारपुर चौक से पूजा का सामान लेकर स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव की बस्ती में क्रशर से गिट्टी लोड कर जा रहे एक ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर का पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में भूकंप के झटके, सुबह अंबिकापुर तो दोपहर में सिंगरौली में हिली जमीन, घरों से बाहर निकले लोग
महिला की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती के अंदर क्रशर से जुड़े भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने बस्ती के अंदर संचालित क्रशर प्लांट को तत्काल हटाने, दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर और उसके चालक को सामने लाकर कानूनी कार्रवाई करने तथा मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
चक्काजाम जारी रखने की चेतावनी
चक्काजाम की सूचना पर तहसीलदार करमचंद जाटवर, ओड़गी एसडीओपी राजेंद्र मंडावी तथा चांदनी बिहारपुर थाना प्रभारी लक्ष्मी गुप्ता और मोहरसोप चौकी का पुलिस अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक कलेक्टर मौके पर पहुंचकर उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं देते, तब तक चक्काजाम समाप्त नहीं किया जाएगा।
जिला मुख्यालय से भेजा गया अतिरिक्त बल
दुर्घटना के पीछे क्रशर प्लांट से निकलने वाले वाहन की बेलगाम रफ्तार से लोगों में नाराजगी थी। इस बीच उग्र भीड़ ने देर शाम कुबेरपुर के खालबहरा स्थित मोहल्ले में संचालित क्रशर प्लांट में आग लगा दी। देखते ही देखते प्लांट और उसके बगल में स्थित कमरा आग में जल गया।
मौके पर मौजूद एसडीओपी राजेंद्र मंडावी, तहसीलदार करमचंद जाटवर व चांदनी बिहारपुर थाना प्रभारी लक्ष्मी गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों को आक्रोशित लोगों ने मांगें पूरी होने तक घटना स्थल पर रोके रखा है। इसकी सूचना मिलने पर जिला मुख्यालय सूरजपुर से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है। स्वयं एडिशनल एसपी योगेश देवांगन कुबेरपुर के लिए रवाना हो गए हैं।