
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सीपत क्षेत्र के ग्राम मड़ई में एक महिला को अवैध शराब के मामले में फंसाने की धमकी देकर 45 हजार रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ धमकी देकर जबरन वसूली की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीपत क्षेत्र के ग्राम मड़ई में रहने वाली आशा सोनझरी ने पुलिस को बताया कि वह पहले महुआ शराब बनाने और बेचने का काम करती थी। पिछले दो-तीन साल से यह काम पूरी तरह बंद कर चुकी है। उसने बताया कि पांच जुलाई की सुबह करीब छह बजे ग्राम खम्हरिया निवासी लीलामणी सोनझरी उसके घर पहुंचा। उसने अपने साथ लाई शराब घर में रख दी और फिर महिला पर अवैध शराब रखने और बेचने का आरोप लगाने लगा।
आरोपित ने कहा कि यदि जेल जाने से बचना है तो पुलिस वालों को पैसे देने होंगे, अन्यथा वह पुलिस को सूचना देकर उसे गिरफ्तार करा देगा। इस धमकी से घबराकर उसने अपने पति से 45 हजार रुपये मंगवाए और आरोपित को दे दिए। घटना के अगले दिन आशा सोनझरी ने सीपत थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। उसने आवेदन में बताया कि रुपये देने के दौरान उसने पूरे घटनाक्रम का वीडियो और आडियो रिकार्ड भी किया है। महिला ने यह रिकार्डिंग पेन ड्राइव में पुलिस को सौंप दिया है। शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपित लीलामणी सोनझरी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला की सूझबूझ आई काम, बना लिया था वीडियो
शिकायतकर्ता आशा सोनझरी ने बताया कि आरोपित के पैसे लेते समय की बातचीत और पूरे घटनाक्रम की वीडियो व आडियो बना लिया है। रिकार्डिंग उसके पास सुरक्षित है। उसने यह रिकार्डिंग पेन ड्राइव में पुलिस को सौंप दी है। महिला का कहना है कि रिकार्डिंग से यह स्पष्ट हो जाएगा कि आरोपित ने पुलिस का नाम लेकर उसे डराया और रुपये लिए। पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर उनकी प्रमाणिकता की पुष्टि करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- अस्पताल बदहाल और अफसर एआई के चक्कर में! हाई कोर्ट ने पकड़ी बिलासपुर सिम्स की फर्जी प्रगति रिपोर्ट
पहले बेचती थी शराब, इसलिए फंसाया
महिला ने अपने आवेदन में स्वीकार किया है कि वह पहले घर में शराब बनाकर बेचने का काम करती थी, लेकिन करीब दो-तीन वर्षों से उसने यह काम पूरी तरह बंद कर दिया है। उसका कहना है कि वर्तमान में वह केवल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रही है। इसी बीच आरोपित ने पुराने काम का हवाला देकर उसे अवैध शराब के मामले में फंसाने की धमकी दी और पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर 45 हजार रुपये वसूल लिए। पुलिस अब महिला के दावे, आरोपित की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।