
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। गांव में नशे के खिलाफ अभियान चला रहीं महिलाओं को एक युवक ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। महिलाओं ने जब उसे ऐसा करने से मना किया तो वह हाथ में रखे डंडे को दिखाकर धमकाने लगा। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रतनपुर क्षेत्र के ग्राम मोहतराई कोष्टापारा निवासी रूपा गोस्वामी (58) मां महामाया नशा मुक्ति समूह की सदस्य हैं। गांव की महिलाओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए समूह बनाया है। मंगलवार, 10 नवंबर को समूह की सदस्यों ने गांव में नशा मुक्ति रैली निकाली थी।
यह भी पढ़ें- शादी का झांसा देकर यौन शोषण के आरोपित अंकित भगत को 50 हजार के मुचलके पर मिली जमानत
शाम करीब 7:30 बजे महिलाएं कोष्टापारा प्राथमिक स्कूल के पास पहुंचीं। इसी दौरान गांव का शिवकुमार साहू उर्फ किटी वहां पहुंचा और महिलाओं पर टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज करने लगा। महिलाओं ने उसे गाली देने से मना किया तो वह मां-बहन को लेकर अश्लील गालियां देने लगा।
इसके बाद हाथ में रखे डंडे को दिखाकर सभी को जान से मारने की धमकी दी। घटना के समय ललिता सूर्यवंशी, सुखबाई सूर्यवंशी, शुकवारा बाई और आहुति सूर्यवंशी सहित अन्य लोग मौजूद थे। महिला की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।