बिलासपुर में रिश्तों का कत्ल, भरोसे का जनाज़ा! मकान गिरवी रखकर पति को बचाया, अब पति दे रहा तलाक की धमकी
बिलासपुर में एक महिला ने अपने पति को जेल से छुड़ाने के लिए अपने मायके का मकान गिरवी रखकर 10-12 लाख रुपये जुटाए, लेकिन जेल से बाहर आते ही पति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और अब तलाक की मांग कर रहा है।
Publish Date: Wed, 26 Aug 2026 10:22:27 PM (IST)Updated Date: Wed, 26 Aug 2026 10:22:27 PM (IST)
तीकात्मक चित्र (एआइ निर्मित)HighLights
- पति की जमानत के लिए गिरवी रखा मायके का मकान।
- जेल से बाहर आते ही तलाक के लिए पत्नी से मारपीट।
- मस्तूरी गोलीकांड के आरोपी पति पर मामला दर्ज।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: पति को जेल से बाहर निकालने के लिए मायके का मकान गिरवी रखकर 10 से 12 लाख रुपये जुटाने वाली महिला ने अब पति पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भारतीय नगर निवासी आमना बानो (23) ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2020 में कोरबा निवासी मोहम्मद मुस्तकिम से लव मैरिज के जरिए हुई थी। उसका पति मस्तूरी गोलीकांड के मामले में अक्टूबर 2025 में जेल गया था। करीब तीन माह पहले जेल से बाहर आने के बाद केस लड़ने के लिए उसने पत्नी और उसके पिता से 10 से 12 लाख रुपये उधार लिए।
आमना के अनुसार, उसके पिता ने मकान गिरवी रखकर यह रकम जुटाई थी। जेल से बाहर आने के बाद पति आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। वह तलाक लेने के नाम पर उसे धमकाता रहता था। 24 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे मुस्तकिम उसका मोबाइल जबरदस्ती लेने लगा।
यह भी पढ़ें- बैंकिंग धोखाधड़ी पर लगाम कसने की तैयारी, बिलासपुर पुलिस और बैंकों ने बनाई नई रणनीति
मना करने पर आमना ने उसके साथ नहीं रहने और तलाक लेने की बात कही। इससे नाराज होकर पति ने अश्लील गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पति ने जान से मारने की धमकी देते हुए सिर, बाएं गाल और कलाई पर हाथ-मुक्के से वार किया।
पेट में जहां अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ था, वहां भी चोट पहुंची। बीच-बचाव करने आई आमना की मां के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। घटना के दौरान उसके माता-पिता और भाई मौजूद थे। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटनाक्रम और धोखे की दास्तान
- लव मैरिज और जेल: आमना और मुस्तकिम की शादी 2020 में हुई थी। मुस्तकिम अक्टूबर 2025 में मस्तूरी गोलीकांड के मामले में जेल गया था।
- मकान गिरवी रखकर जमानत: आमना के पिता ने अपना मकान गिरवी रखकर मुस्तकिम की जमानत के लिए 10-12 लाख रुपये जुटाए। मुस्तकिम करीब तीन महीने पहले जेल से बाहर आया।
- जेल से बाहर आते ही अत्याचार: बाहर आते ही मुस्तकिम का व्यवहार बदल गया। वह आमना के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा और तलाक के लिए दबाव बनाने लगा।
- 24 अगस्त की वारदात: मुस्तकिम ने आमना का मोबाइल छीनने की कोशिश की। मना करने पर उसने आमना के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसके सिर, गाल और कलाई पर चोटें आईं। आमना की मां के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।