
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: करीब डेढ़ महीने तक मरवाही वनमंडल में डेरा जमाए हाथियों के बड़े दल ने आखिरकार कटघोरा वनमंडल के पसान का रुख कर लिया है। 52 हाथियों के लौटने से वन विभाग ने राहत की सांस ली है। हालांकि, 12 हाथी अब भी मरवाही वनमंडल में मौजूद हैं। इनका ठिकाना बाहरीझोरकी नाका परिसर के कक्ष क्रमांक 2002 में बना हुआ है। यहां हाथियों का दल धान की फसल को अपना आहार बना रहा है। इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। वन विभाग का कहना है कि हाथियों की वापसी की संभावना है, लेकिन तब तक सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
मरवाही वनमंडल में पिछले डेढ़ महीने से हाथियों की मौजूदगी वन अमले के लिए चुनौती बनी हुई थी। हाथियों के बड़े दल की लगातार निगरानी और ग्रामीणों को सतर्क रखने के लिए विभागीय अमले को मशक्कत करनी पड़ रही थी। अब 52 हाथियों के पसान लौटने से वन विभाग को कुछ राहत मिली है। शेष 12 हाथियों की मौजूदगी को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
बाहरीझोरकी नाका परिसर के कक्ष क्रमांक 2002 में मौजूद हाथियों का दल आसपास की धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। ग्रामीणों के लिए यह चिंता का विषय है, क्योंकि धान की फसल उनकी सालभर की मेहनत और आजीविका का आधार है। हाथियों के खेतों तक पहुंचने से उनकी मेहनत पर पानी फिरने का डर बना हुआ है। वन विभाग ने प्रभावित ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि फसल को हुए नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
वन विभाग का आकलन है कि शेष 12 हाथी भी अब ज्यादा समय तक मरवाही क्षेत्र में नहीं रुकेंगे और उनके लौटने की संभावना बन रही है। हालांकि, हाथियों की मौजूदगी तक ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। हाथी मित्र दल और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
अमला 24 घंटे हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। साथ ही अधिकारियों को उनकी लोकेशन और मूवमेंट की पल-पल की जानकारी दी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से पहले जरूरी कदम उठाए जा सकें।
यह भी पढ़ें- आपकी गैरमौजूदगी में आपके बंद घर में तो नहीं रखी जा रही अवैध शराब? चकरभाठा से चौंकाने वाला खुलासा