_m.webp)
नईदुनिया न्यूज, चकरभाठा। क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के निर्माण और भंडारण को लेकर एक गंभीर मामला सामने आ रहा है। अवैध शराब बनाने वाले लोग अब अपने इस कारोबार को सुरक्षित रखने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। शराब तैयार करने के बाद उसे अपने ठिकानों पर रखने के बजाय ऐसे मकानों में रखे जाने की बात सामने आ रही है, जिनके परिवार गांव से बाहर रहते हैं।
चकरभाठा क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोग ऐसे परिवारों के मकानों को निशाना बनाते हैं, जहां नियमित रूप से आवाजाही नहीं होती। इनमें प्रतिष्ठित परिवारों के बंद या लंबे समय से खाली पड़े मकानों को भी शराब भंडारण के लिए इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
इससे संबंधित परिवारों की सामाजिक प्रतिष्ठा पर सवाल खड़े होने के साथ ही उनके लिए कानूनी मुश्किलें भी पैदा हो सकती हैं। इस पूरे मामले में आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि बिना मकान मालिक की जानकारी या सहमति के किसी के घर में अवैध शराब रखी जा रही है तो यह बेहद गंभीर विषय है।
ऐसे में विभाग को केवल शराब जब्ती तक सीमित न रहकर उसके निर्माण, परिवहन और भंडारण के पूरे नेटवर्क की जांच करनी चाहिए। इधर शराब कोचियों के कारोबार को लेकर आबकारी अधिकारियों पर भी आरोप लग रहे हैं। आबकारी विभाग के अधिकारियों से सांठगांठ कर कोचिए लंबे समय से अपना कारोबार कर रहे हैं।