
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। बिंलासपुर शहर के बहुचर्चित संजू त्रिपाठी हत्याकांड में जिला एवं सत्र न्यायालय ने सभी 22 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है। अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी किया।
पुलिस ने इस मामले में संजू के भाई कपिल त्रिपाठी को मुख्य आरोपी बताते हुए संपत्ति विवाद और पुरानी रंजिश को हत्या की साजिश की वजह बताया था। हालांकि, सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ आरोप साबित नहीं कर सका।
14 दिसंबर 2022 को कुदुदंड निवासी संजू त्रिपाठी की सकरी बायपास के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय वह अपनी कार में सवार था। हमलावरों ने दिनदहाड़े उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और फरार हो गए। इस घटना से शहर में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान उत्तर प्रदेश के शूटरों और स्थानीय लोगों की भूमिका सामने आने का दावा किया था।
पुलिस जांच में संजू और उसके भाई कपिल त्रिपाठी के बीच संपत्ति के बंटवारे और वर्चस्व को लेकर विवाद की बात सामने आई थी। इसी रंजिश को हत्या की साजिश की वजह मानते हुए पुलिस ने कपिल को मुख्य आरोपी बनाया। मामले में जांच के बाद कुल 22 आरोपियों के खिलाफ चालान पेश किया गया था।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की गवाही महत्वपूर्ण मोड़ पर कमजोर पड़ गई। पुलिस ने दो प्रमुख चश्मदीद गवाह बनाए थे। इनमें से एक की अदालत में गवाही दर्ज नहीं हो सकी, जबकि दूसरा गवाह अपने पूर्व बयानों से मुकर गया। इसके अलावा आरोपियों को हत्या से जोड़ने वाले तकनीकी, फॉरेंसिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्य भी आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं पाए गए।
यह भी पढ़ें- 'मोबाइल दीवार पर मार दो, डिजिटल अरेस्ट खत्म', सुप्रीम कोर्ट में CJI ने 800 करोड़ के नुकसान पर जताई चिंता
अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलों और पेश किए गए साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद माना कि अभियोजन आरोपियों के खिलाफ अपराध साबित करने में सफल नहीं रहा। इसी आधार पर सभी 22 आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- लव प्रपोजल ठुकराने पर की थी मारपीट, किशोरी ने दे दी जान; कोर्ट ने आरोपी को किया बरी