
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। कोनी क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमरताल अंतर्गत भदोरिया खार में पुरानी जमीन विवाद और सरकारी हैंडपंप को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना मंगलवार रात करीब 8:45 बजे की है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोनी क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमरताल अंतर्गत भदोरिया खार में रहने वाले हरवंश उर्फ राजू लोनिया (37) ने पुलिस को बताया कि उसके घर के सामने रहने वाले हरीशानंद, परमानंद, संतोषानंद और छोटा से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उसके अनुसार घर के सामने लगे शासकीय हैंडपंप में आरोपित द्वारा मिट्टी डाल दी जाती है, जिससे पानी नहीं निकलता।
इस संबंध में शिकायत करने पर मंगलवार रात सभी आरोपित उसके घर पहुंचे और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपित ने उसके साथ हाथ-थप्पड़ से मारपीट की, जिससे गाल, पीठ और गले में चोट आई। शोर सुनकर उसके पिता बैसाखूराम तथा गांव के विक्की और सुमित मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया।
यह भी पढ़ें- बादलों की लुका-छिपी से खेती की चाल प्रभावित: तखतपुर में रोपाई तेज, बेलतरा-रतनपुर को अभी भी इंतजार
वहीं दूसरे पक्ष के हरीशानंद लोनिया (48) ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि वह रात में अपने घर के आंगन में था। उसी दौरान सामने रहने वाले राजेश लोनिया ने पुरानी जमीन विवाद की रंजिश में गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर राजेश, उसके भाई राजू और भानू लाठी-डंडा लेकर पहुंचे, जबकि उनके पिता बैसाखू ने भी मारपीट की।
हरीशानंद का आरोप है कि चारों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे हाथ की कोहनी, चेहरा, गाल और पीठ में चोटें आईं। आरोपित ने थाना में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद वह डरकर घर के भीतर चला गया और बाद में काम से लौटे अपने बेटे शुभम को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जुर्म दर्ज कर लिया है।