बिलासपुर में सेवा सेतु एप पर अटके नाम सुधार के आवेदन, तय समय-सीमा के बावजूद रीडर स्तर पर दबीं फाइलें
बिलासपुर में दस्तावेजों में नाम सुधार व परिवर्तन के लिए राजपत्र प्रकाशन के आवेदन सेवा सेतु एप पर रीडर स्तर पर महीनों से अटके होने के कारण आवेदक भटक रहे हैं।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 08:53:18 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 08:53:18 PM (IST)
नायब तहसीलदार कोर्ट यहां आवेदन था पेंडिंगHighLights
- तहसीलदार और एसडीएम के पास 7-7 दिन की समय-सीमा तय।
- अधिकारी के अवकाश का बहाना बनाकर टाले जा रहे प्रकरण।
- अनावश्यक रूप से फाइल रोकने की अनुमति नहीं, नियम दरकिनार।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुरः दस्तावेजों में नाम सुधार व परिवर्तन के लिए राजपत्र (गजट) प्रकाशन कराने वाले आवेदकों को सेवा सेतु एप पर महीनों इंतजार करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि समय पर आनलाइन आवेदन करने के बावजूद आवेदकों की फाइलें तहसील कार्यालयों के रीडर स्तर पर ही दबाकर रखी जा रही हैं, जबकि जिला स्तर पर इनकी समय-सीमा मात्र 14 दिन तय है।
सेवा सेतु पोर्टल पर राजपत्र प्रकाशन के लिए कुल 30 दिन की समय-सीमा निर्धारित है। इसमें आवेदन के सत्यापन और अग्रेषण के लिए तहसीलदार को 7 दिन और एसडीएम को 7 दिन का समय मिलता है, जिसके बाद अंतिम अनुमोदन के लिए फाइल राजनांदगांव स्थित शासकीय मुद्रणालय भेजी जाती है। लेकिन मैदानी स्तर पर इस नियम की अनदेखी हो रही है।
समय पर आवेदन जमा करने के बावजूद रीडर स्तर पर फाइलें आगे नहीं बढ़ाई जा रहीं। जब आवेदक स्थिति जानने पहुंचते हैं, तो संबंधित अधिकारी के दो सप्ताह से अवकाश पर होने का बहाना बनाकर टाल दिया जाता है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे अधिकारी को प्रभार सौंपे जाने के बावजूद प्रकरणों का निराकरण नहीं हो रहा है। इससे लोगों के बैंक, शिक्षा और अन्य जरूरी शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में जेब से तीन चाबियां निकालकर एक मिनट में एक्टिवा चोरी कर भागे दो बदमाश, वारदात कैमरे में कैद
इन प्रमुख आवेदनों के डाकेट नंबर अटके
- 0- डाकेट नंबर 58201012616000626 के तहत नाम परिवर्तन का प्रकरण लंबे समय से लंबित है।
- 0- डाकेट नंबर 58201012616000646 पर आनलाइन आवेदन के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
- 0- डाकेट नंबर 58201012616000708 का आवेदन संबंधित शाखा में ही अटका पड़ा है।
- 0- डाकेट नंबर 58201012616000709 के निराकरण के लिए आवेदक को महीनों से इंतजार है।
- 0- डाकेट नंबर 58201012616000732 पर अब तक अंतिम स्वीकृति जारी नहीं की जा सकी है।
नाम सुधार और नाम परिवर्तन का नियम
यदि किसी नागरिक के आधार कार्ड व अंकसूची में केवल मात्रा या वर्तनी की सामान्य त्रुटि (करेक्शन) है, तो वह फोटोयुक्त अंकसूची जैसे दस्तावेजों से सीधे सुधर जाता है। लेकिन यदि नाम का उच्चारण या आशय पूरी तरह बदलना हो (नेम चेंज), तो इसके लिए राजपत्र प्रकाशन अनिवार्य है। चार चरणों वाली इस प्रक्रिया में सबसे ज्यादा देरी तहसील स्तर पर हो रही है।
निरस्त करने का नियम, रोके रखने की अनुमति नहीं
लोक सेवा गारंटी और सेवा सेतु पोर्टल के स्पष्ट दिशा-निर्देश हैं कि यदि किसी आवेदन में दस्तावेज अपूर्ण हैं या कोई त्रुटि है, तो उसे कारण दर्ज कर तत्काल निरस्त किया जाना चाहिए, ताकि आवेदक सुधार कर दोबारा आवेदन कर सके।
किसी भी स्थिति में फाइल को अनावश्यक रूप से रोककर रखने का प्रावधान नहीं है। बावजूद इसके बिलासपुर तहसील कार्यालय में नियमों को दरकिनार कर राज्य शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।