राशन दुकानदारों की मनमानी खत्म, बिलासपुर में 'अन्नपूर्णा ग्रेन एटीएम' की एंट्री, चंद मिनटों में मिल रहा पूरा अनाज
बिलासपुर में अन्नपूर्णा ग्रेन एटीएम के जरिए राशन वितरण प्रक्रिया काफी सुगम हो गई है। उचित मूल्य दुकान में कुछ ही दिनों के भीतर सैकड़ों कार्डधारकों ने ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 09:27:30 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 09:27:30 PM (IST)
अन्नपूर्णा ग्रेन एटीएम फाइल फोटोHighLights
- बिलासपुर के कार्डधारकों में जबरदस्त उत्साह।
- चावल, शक्कर और नमक का निर्बाध वितरण जारी।
- पांच सौ इक्कीस से अधिक लोगों ने लिया राशन।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: न्यायधानी में पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरू हुए अन्नपूर्णा ग्रेन एटीएम से राशन वितरण ने रफ्तार पकड़ ली है। उचित मूल्य दुकान क्रमांक 401001163 में महज तीन मुख्य दिनों के भीतर 521 से अधिक राशनकार्डधारियों ने अत्याधुनिक मशीन से बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के अपना निर्धारित कोटा प्राप्त किया है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और घटतौली रोकने के उद्देश्य से स्थापित ग्रेन एटीएम का असर अब धरातल पर साफ दिखने लगा है।
सितंबर 2026 के आंकड़ों के अनुसार, उचित मूल्य दुकान आईडी 401001163 में 8 से 10 सितंबर के बीच रिकार्ड 521 कार्डधारकों ने खाद्यान्न की निकासी की। 8 सितंबर को जहां 104 कार्डधारियों ने राशन लिया, वहीं 9 सितंबर को 211 और 10 सितंबर को 206 उपभोक्ताओं ने मशीन से खाद्यान्न प्राप्त किया। 11 सितंबर तक कुल 540 कार्डधारक सुविधा का लाभ उठा चुके हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, उपभोक्ताओं को कुल 11,914 किलो फोर्टिफाइड चावल और 5,187 किलो सीजी चावल का सफल वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त 392 किलो शक्कर और 431 किलो नमक भी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचा। कार्ड स्वाइप और बायोमेट्रिक सत्यापन के तुरंत बाद सटीक वजन में अनाज निकलने से राशन दुकानों पर लगने वाली लंबी कतारों और समय की बर्बादी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। मशीन के संचालन से न केवल सर्वर व तौल संबंधी विवाद खत्म हुए हैं, बल्कि कार्डधारक अपनी सुविधानुसार चंद मिनटों में अनाज प्राप्त कर संतुष्टि जाहिर कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- स्वाइन फ्लू का प्रकोप हुआ तेज, बिलासपुर जिले में मरीजों की संख्या चालीस पार
17 हजार किलो से अधिक चावल का हुआ वितरण
सितंबर माह के पांच दिनों में उचित मूल्य दुकान के माध्यम से कुल 17,101 किलोग्राम चावल का वितरण ग्रेन एटीएम से किया गया। इसमें 11,914 किलो पौष्टिक फोर्टिफाइड चावल और 5,187 किलो सीजी चावल शामिल है। तकनीकी दक्षता के चलते बिना किसी तकनीकी व्यवधान के शत-प्रतिशत सही मात्रा में हितग्राहियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया।\
पारदर्शिता बढ़ी, घटतौली की शिकायत पर लगा अंकुश
ग्रेन एटीएम व्यवस्था लागू होने से उपभोक्ताओं को राशन दुकानों पर होने वाली कम तौल की आशंका से पूरी तरह मुक्ति मिल गई है। इलेक्ट्रानिक मापदंडों और सीधे मशीन से अनाज गिरने की प्रक्रिया ने कार्डधारकों का भरोसा बढ़ाया है। समय की बचत और सहज प्रक्रिया के कारण शहरी उपभोक्ताओं में इस हाईटेक व्यवस्था को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
वर्जन
ग्रेन एटीएम के जरिए उपभोक्ताओं को सुगम, पारदर्शी और सटीक मात्रा में राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। रिकार्ड समय में 500 से अधिक कार्डधारकों का खाद्यान्न लेना व्यवस्था की सफलता को दर्शाता है। आगामी दिनों में अन्य प्रमुख राशन दुकानों में भी इस तकनीक का विस्तार किया जाएगा।
अमृत कुजूर, खाद्य नियंत्रक खाद्य विभाग बिलासपुर