बिलासपुर में अवैध कालोनाइजरों पर कड़ा प्रहार; अनूप चड्ढा की 3.5 एकड़ की चमन गोल्ड कालोनी जमींदोज
न्यायधानी बिलासपुर में अवैध प्लाटिंग, अवैध टाउनशिप और सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने अब तक का सबसे बड़ा हंटर चलाया ह...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 02 Jun 2026 11:14:33 AM (IST)Updated Date: Tue, 02 Jun 2026 11:14:33 AM (IST)
कार्रवाइ्र करते हुए नगर निगम की टीम।HighLights
- कमिश्नर के सख्त निर्देश पर नगर निगम और राजस्व अमले की संयुक्त कार्रवाई।
- अवैध निर्माणकर्ताओं के खिलाफ सख्त कानूनी केस दर्ज कराने की तैयारी।
- भू-माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने अब तक का सबसे बड़ा हंटर चलाया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुरः शहर में अवैध प्लाटिंग और अवैध कालोनाइजरों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के कड़े और सीधे निर्देश के बाद सोमवार की सुबह नगर निगम की अतिक्रमण टीम, भवन शाखा और राजस्व अमला ने अवैध प्लाटिंग को लेकर एक साथ कई जगहों पर दबिश दी। इस कार्रवाई से भू-माफिया और अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है। कार्रवाई की सबसे बड़ी गाज सैदा रोड पर गिरी।
यहां पर बिल्डर और प्रोपराइटर अनूप चड्ढा द्वारा लगभग 3.50 एकड़ भूमि पर बिना किसी वैध अनुमति के चमन गोल्ड कालोनी का निर्माण किया जा रहा था। धड़ल्ले से बेची जा रही इस अवैध कालोनी पर नगर निगम के दस्ते ने कड़ा प्रहार किया। इससे पहले भी बिल्डर अनूप चड्ढा की कई शिकायत मिल चुकी है। इसे अब नगर निगम गंभीरता से ले रहा है और आने वाले दिनों में बिल्डर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध निर्माण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिल्डर अनूप चड्ढा द्वारा नियमों को ताक पर रखकर काटी जा रही इस अवैध कालोनी के रास्तों, बाउंड्रीवाल और ले-आउट को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि भोले-भाले खरीदारों को झांसा देकर अवैध रूप से बनाई जा रही इस कालोनी के खिलाफ सख्त कानूनी कदम भी उठाए जा रहे हैं।
सरकारी जमीन पर कब्जा भी खाली कराया
एक अन्य बड़ी कार्रवाई सकरी इलाके में की गई है। यहां शासकीय भूमि पर भू-माफिया संजय भार्गव द्वारा अवैध रूप से कब्जा करने की नीयत से निर्माण कार्य शुरू किया गया था। संजय भार्गव ने सरकारी जमीन पर बाकायदा पक्की नींव खड़ी कर ली थी। अधिकारियों ने मौके पर ही तत्काल संज्ञान लेते हुए बैक हो लोडर की मदद से संजय भार्गव द्वारा निर्मित पूरी नींव को तोड़ दिया और सरकारी जमीन को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया। इसके साथ ही, साईं आनंद के पास चल रही अवैध प्लाटिंग पर भी निगम के अमले ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर पुलिस ने 500 सीसीटीवी कैमरे खंगालकर सुलझाई लूट की गुत्थी, नाबालिग सहित चार आरोपी गिरफ्तार
निगम की चेतावनी: खरीदने से पहले जांच लें, वरना डूबेगी गाढ़ी कमाई
नगर निगम प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सैदा रोड, सकरी या शहर के किसी भी हिस्से में प्लाट खरीदने से पहले रेरा रजिस्ट्रेशन, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की अनुमति और नगर निगम से स्वीकृत ले-आउट की जांच जरूर कर लें। अवैध कालोनियों में निवेश करने पर रजिस्ट्री शून्य की जा सकती है और निर्माण कभी भी ढहाया जा सकता है। ऐसे में खरीदार को भी आर्थिक क्षति पहुंच सकती है।
वर्जन
आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे का स्पष्ट निर्देश है कि शहर के विकास को बिगाड़ने वाले और अवैध प्लाटिंग करने वाले किसी भी को बख्शा नहीं जाएगा। चमन गोल्ड कालोनी पूरी तरह अवैध पाई गई, जिस पर कार्रवाई की गई है। सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वाले के खिलाफ भी हमारी मुहिम जारी रहेगी। प्रकाश कुमार सर्वे, आयुक्त, नगर निगम