बिलासपुर में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 8 ट्रैक्टर-ट्राली जब्त, बिना नंबर प्लेट पर आरटीओ की चुप्पी पर सवाल
बिलासपुर में कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग ने इटवा-पाली और पहंदा में दबिश देकर अवैध रेत उत्खनन में लगे 8 ट्रैक्टर-ट्राली जब्त किए, बिना नंबर प्लेट वाहनों पर सवाल उठे।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 06:36:58 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 06:36:58 PM (IST)
खनिज विभाग की टीम द्वारा जब्त ट्रैक्टरHighLights
- 8 ट्रैक्टर-ट्राली जब्त।
- इटवा-पाली और पहंदा में कार्रवाई।
- बिना नंबर प्लेट पर सवाल।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुरः कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से कुल आठ ट्रैक्टर-ट्राली जब्त किए हैं। विभाग के अमले ने ग्राम इटवा-पाली और पहंदा में दबिश देकर बिना रायल्टी रेत का उत्खनन व परिवहन कर रहे वाहनों को पकड़ा। हालांकि, इस कार्रवाई के साथ ही बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे इन वाहनों पर परिवहन विभाग की सुस्ती को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
खनिज विभाग की टीम ने ग्राम इटवा-पाली में अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करते पाए जाने पर चार ट्रैक्टर मय ट्राली जब्त किए। इन सभी वाहनों को खनिज जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। इसी क्रम में अमले ने 16 नवंबर को बेलगहना क्षेत्र के ग्राम पहंदा में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त चार ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ा। जब्त किए गए इन वाहनों को पुलिस चौकी बेलगहना की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया है।
यह भी पढ़ें- सरकंडा में खेल मैदान पर कबाड़ गाड़ियों का कब्जा, विरोध पर गाली-गलौज और धमकी का आरोप
बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे वाहन, बड़े हादसों का मंडरा रहा खतरा
बेलगहना क्षेत्र में रेत परिवहन करने वाले अधिकांश ट्रैक्टर और उनकी ट्रालियों में पंजीयन नंबर प्लेट ही नहीं लगी है। नियमों की अनदेखी कर ये वाहन मुख्य सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं। पूर्व में भी इस क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रालियों से हुई सड़क दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन आरटीओ बिलासपुर द्वारा जांच नहीं किए जाने से वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं।
हादसा हुआ तो कैसे होगी पहचान, कब जागेगा परिवहन विभाग
क्षेत्रवासियों में परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि बिना नंबर प्लेट वाले किसी ट्रैक्टर-ट्राली से कोई सड़क दुर्घटना घटित होती है और किसी निर्दोष की जान जाती है, तो वाहन की पहचान कैसे होगी और पीड़ित परिवार को न्याय कैसे मिलेगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और आरटीओ से ऐसे बिना पंजीयन नंबर वाले वाहनों के खिलाफ तत्काल विशेष जांच अभियान चलाने की मांग की है।