
बिलासपुर। Bilaspur Crime News: सौतेली मां की प्रताड़ना से परेशान 17 वर्षीय किशोर दिल्ली के हौज खास क्षेत्र से भागकर शहर आ गई और कपड़े की दुकान में काम करने लगी। हौज खास पुलिस ने किशोरी का साइबर सेल की मदद से पता लगाकर तोरवा पुलिस को सूचना दी। इस पर तोरवा पुलिस ने किशोरी को खोजकर चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया है। तोरवा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि दिल्ली के हौज खास पुलिस ने मंगलवार की सुबह सूचना दी कि एक नाबालिग अपने घर से गायब है।
नाबालिग देवरीखुर्द में रह रही है। इस पर थाना प्रभारी ने प्रधान आरक्षक संगीता नेताम को नाबालिग को खोजने के निर्देश दिए। प्रधान आरक्षक संगीता नेताम ने देवरीखुर्द में जाकर नाबालिग की पतासाजी की। बुधवार की सुबह पता चला कि किशोरी देवरीखुर्द के अटल आवास में रहती है। इस पर उन्होंने दबिश दी। वहां पहुंचने पर पता चला कि श्रीराम क्लाथ मार्केट की किसी दुकान में काम करती है। पुलिस ने मार्केट में जाकर नाबालिग को खोज निकाला।
पूछताछ में उसने बताया कि उसकी मां का देहांत हो चुका है। इसके बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली है। सौतेली मां की प्रताड़ना से परेशान होकर किशोरी मार्च माह में घर से भागकर झांसी जा रही थी। ट्रेन में बिलासपुर की एक महिला से पहचान हो गई और उसके साथ शहर आ गई। कुछ दिन में वह महिला के परिवार के साथ घुलमिल गई। फिर कपड़े की दुकान में काम करने लगी। पूछताछ में किशोरी ने किसी आपराधिक घटना से इन्कार किया है। इस पर पुलिस ने उसे चाइल्ड लाइन को सौंप दिया है। साथ ही हौज खास पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है।