
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन संबंधी औपचारिकताओं और स्वास्थ्य जांच के लिए अब रेलकर्मियों को भटकना नहीं पड़ेगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने उनकी सुविधा के लिए स्टेशनों पर ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र और निश्शुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की है।
करंजी और कोरबा में आयोजित शिविरों में 56 से अधिक पेंशनर्स को इसका लाभ मिला।
रेलवे की ओर से एक से 30 नवंबर तक मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके नजदीकी स्थानों पर ही डिजिटल सेवाएं और चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी कड़ी में 18 नवंबर को करंजी और 19 नवंबर को कोरबा स्टेशन पर शिविर आयोजित किया गया।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर के चांटीडीह में छात्रावास बाउंड्री विवाद, राजस्व-निगम की संयुक्त टीम ने किया सीमांकन
दोनों स्थानों पर आधार आधारित फेस आथेंटिकेशन तकनीक से 56 से अधिक पेंशनर्स के आनलाइन डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए। इससे उन्हें प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अलग से कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ी। शिविर में स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया।