_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। जीआरपी ने ट्रेनों में महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय महिला चोर गिरोह की चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिलाएं महाराष्ट्र की रहने वाली है और छत्तीसगढ़ में भीड़-भाड़ वाली ट्रेनों में घटना को अंजाम देती थी।
जीआरपी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम ढाबाडीह निवासी दिनेश कुमार पंकज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी का लेडीज हैंडबैग, जिसमें लगभग 95 हजार रुपये मूल्य के सोने के जेवरात रखे थे, 12102 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जनरल कोच में बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर चढ़ते समय चोरी हो गया। शिकायत के आधार पर जीआरपी थाना बिलासपुर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। रेल पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं उप पुलिस अधीक्षक रेल के मार्गदर्शन में जीआरपी बिलासपुर की टीम ने स्टेशन परिसर में संदिग्धों की तलाश और निगरानी अभियान चलाया।
जांच के दौरान स्टेशन पर चार महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में घूमती मिलीं। पुलिस को देखकर वे बचने और छिपने का प्रयास करने लगीं, जिसके बाद उन्हें घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में महिलाओं ने अपना नाम पूनम विनेश मानकर (43 वर्ष), अरुणा विट्ठल उईके (60 वर्ष), अनिता मंगल सिंह (46 वर्ष) और चैत्रा लोढे (59 वर्ष) बताया। सभी आरोपित महाराष्ट्र के नागपुर जिले के अंजनी थाना क्षेत्र की निवासी हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में महिलाओं ने संगठित गिरोह के रूप में कार्य करने और रायगढ़ से रायपुर के बीच चलने वाली ट्रेनों में सफर कर महिलाओं के बैग, कीमती सामान तथा सोने-चांदी के जेवर चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपित महिलाएं भीड़भाड़ और यात्रियों की व्यस्तता का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देती थीं।
जीआरपी ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। चारों महिलाओं को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित साथियों के संबंध में भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर स्टेशन पर वाटर वेंडिंग मशीन में मनमानी, सूची में 5 विकल्प, पर मिल रही सिर्फ 1 लीटर की बोतल
गहने बेचकर रुपये आपस में बांटती थी
पूछताछ में आरोपित महिलाओं ने जीआरपी को बताया कि चोरी के बाद सामान और जेवरात बेचकर प्राप्त राशि को आपस में बांट लेती थीं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की संपत्ति की बिक्री से प्राप्त रकम में से अपने पास बची राशि भी पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने पूनम और अरुणा से 10-10 हजार रुपये तथा अनीता और चैत्रा से दो-दो हजार रुपये बरामद किए हैं।

उधमपुर एक्सप्रेस के एसी कोच में चोरी करने वाला आरोपित पकड़ गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: एसी कोच में यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक आरोपित को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की गई 25 हजार रुपये बरामद की गई है।
जीआरपी के अनुसार मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी जय सावनानी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 10 अप्रैल को 12550 उधमपुर-दुर्ग एक्सप्रेस के एसी-1 कोच में सागर से रायपुर की यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान उसलापुर रेलवे स्टेशन के पहले किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका बैग चोरी कर लिया। बैग में 25 हजार रुपये और सोने की चेन सहित करीब 40 हजार रुपये मूल्य का सामान रखा हुआ था।
शिकायत के आधार पर जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान साइबर सेल की मदद से आरोपित की तलाश की। जांच के दौरान जीआरपी ने दुर्ग निवासी फरहान तासिर खान को चिन्हित किया। गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की गई 25 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली। 10 जून को आरोपित को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 23 जून तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।