
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। साइबर ठगों ने इस बार एक पुलिसकर्मी को निशाना बनाते हुए उसके मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर 29 हजार रुपये की आनलाइन ठगी कर ली। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस लाइन के ब्लाक डी में रहने वाले प्रेम उपाध्याय (43) ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार को उन्होंने दोपहर करीब 11 बजे पुलिस पेट्रोल पंप पर यूपीआइ के माध्यम से पेट्रोल का भुगतान किया था। भुगतान के दौरान उनके मोबाइल पर किसी प्रकार की सूचना या ओटीपी नहीं आया। इसके बाद दोपहर करीब 12:23 बजे वे कलेक्टर कार्यालय परिसर पहुंचे, जहां उन्हें बैंक खाते से लगातार चार ट्रांजेक्शन में 29 हजार रुपये निकलने की जानकारी मिली।
शिकायत में बताया गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने एपीके फाइल के माध्यम से उनके मोबाइल को हैक कर एसबीआइ बैंक खाते से रकम निकाल ली। बैंक रिकार्ड में राशि मुसाफिर नाम से ट्रांसफर होना सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रेम उपाध्याय ने तत्काल एसबीआइ की कलेक्टोरेट शाखा और साइबर पोर्टल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- बेटी की प्रताड़ना से परेशान डाक्टर पहुंचे CG हाई कोर्ट, एसडीएम को 30 दिन में फैसला करने के निर्देश