बिलासपुर पुलिस की बड़ी सफलता: चौकीदार की हत्या कर फरार हुए आरोपी को प्रयागराज से दबोचा, अन्य की धरपकड़ जारी
बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह हत्याकांड में फरार चार आरोपियों में से एक दिनेश राठिया को पुलिस ने प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया है। अन्य तीन की तलाश रायगढ़ और कोरबा सहित विभिन्न राज्यों में जारी है। मृतक के परिजन मुआवजे की मांग पर अभी भी धरने पर बैठे हैं।
Publish Date: Fri, 17 Jul 2026 11:23:22 AM (IST)Updated Date: Fri, 17 Jul 2026 11:23:22 AM (IST)
आरोपित दिनेश राठियाHighLights
- प्रयागराज से आरोपी की गिरफ्तारी ने पुलिस की जांच को दी सही दिशा।
- पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में हत्या के पीछे की असल वजह सामने आने की उम्मीद।
- सुरक्षा गार्ड की हत्या पर प्रशासन और परिजनों के बीच गतिरोध चौथे दिन भी जारी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार नरेंद्र कुमार खाण्डे (42) की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद फरार हुए चार आरोपित में से एक आरोपित दिनेश राठिया को पुलिस की टीम प्रयागराज से हिरासत में लिया है। तीन अन्य आरोपित की तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही हैं। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात बाल संप्रेक्षण गृह में सहायक सह रात्रि चौकीदार के रूप में पदस्थ नरेंद्र कुमार खाण्डे की हत्या कर दी गई। आरोपित ने पहले उनके हाथ-पैर बांधे, फिर बेरहमी से मारपीट की, गला दबाया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना को बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध चार युवकों ने अंजाम दिया और हत्या के बाद सभी वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक और डाग स्क्वाड की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है। एक आरोपित की गिरफ्तारी के बाद जांच और तेज कर दी गई है। फरार तीनों आरोपित की तलाश के लिए रायगढ़, कोरबा समेत संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपित की गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे की पूरी साजिश और वारदात की वजह का पर्दाफाश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- व्हाट्सएप पर तैरने लगे जलमग्न बिलासपुर के वीडियो; लगतार बारिश से रील और स्टेटस की आई बाढ़
सीसीटीवी फुटेज खंगालती प्रयागराज पहुंची टीम
बाल संप्रेक्षण गृह से फरार चार आरोपित की तलाश में जुटी बिलासपुर पुलिस को पहली बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपित दिनेश राठिया को प्रयागराज से हिरासत में लिया है। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है और उससे मिली जानकारी के आधार पर फरार तीन अन्य आरोपित की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें रायगढ़, कोरबा के साथ ही दूसरे राज्यों तक पहुंच गई है। आरोपित के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ में हत्या की योजना, वारदात के दौरान सभी की भूमिका और फरारी के दौरान अपनाए गए रास्तों से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। इसके आधार पर अन्य आरोपित की तलाश की जा रही है।
अपनी मांगों पर अड़े स्वजन, चौथे दिन भी डंटे रहे धरने पर
बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड की हत्या और चार आरोपित के फरार होने की घटना के बाद चौकीदार के स्वजन ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। स्वजन का आरोप है कि तबादले के बाद भी चौकीदार को रिलिव नहीं किया जा रहा था। स्वजन ने घटना में बाल संप्रेक्षण गृह के अधिकारियों की भूमिका होने का आरोप लगाया है।
स्वजन एक करोड़ रुपये मुआवजा और पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। इधर प्रशासन के अधिकारी स्वजन को समझाइश देने का प्रयास कर रहे हैं। गुरुवार को भी स्वजन ने चौकीदार का शव लेने से इन्कार कर दिया है। अब आरोपित के पकड़े जाने के बाद मामले का पर्दाफाश होने की बात कही जा रही है।