बिलासपुर में रेत माफिया बेखौफ, अरपा नदी छलनी, कार्रवाई के बाद भी नहीं रुका अवैध खनन
बिलासपुर के घुटकू में अरपा नदी से धड़ल्ले से रेत का अवैध खनन जारी है। कार्रवाई और सजा के बावजूद माफिया सक्रिय हैं, जिससे नदी किनारे के खेतों का रकबा लगातार घट रहा है।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 10:35:54 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 12:40:50 PM (IST)
बिलासपुर में रेत माफिया बेखौफ। (एआई जनरेटेड)HighLights
- बिलासपुर के घुटकू में अरपा नदी से हो रहा अवैध खनन।
- लगातार खुदाई से 15 फीट गहरी हुई अरपा नदी।
- खनन से मिट्टी धंसने से किसानों के खेतों का घट रहा रकबा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के मामलों में लगातार एफआईआर दर्ज होने और आरोपितों को तीन-तीन साल की सजा मिलने के बाद भी रेत माफिया पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। शहर से लगे घुटकू क्षेत्र में अरपा नदी से खुलेआम रेत निकाली जा रही है।
माफिया रेत घाट की निर्धारित सीमा छोड़कर दूसरे स्थानों पर भी उत्खनन करा रहे हैं। लगातार खनन से नदी का किनारा करीब 12 से 15 फीट तक गहरा हो गया है। इससे मिट्टी का कटाव बढ़ रहा है और नदी किनारे खेती करने वाले किसानों की जमीन हर साल नदी में समा रही है।
पड़ताल में दिखा अवैध खनन का सच
- नईदुनिया की टीम ने घुटकू और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रेत उत्खनन की पड़ताल की। घुटकू रेत घाट पहुंचने पर नदी से ट्रैक्टरों में रेत निकालते लोग दिखाई दिए। घाट से करीब एक किलोमीटर दूर तक नदी में ट्रैक्टरों की कतार लगी थी। खनन के स्थान के आसपास किसानों के खेत हैं। टीम खेतों से होते हुए नदी किनारे पहुंची तो वहां करीब 15 फीट गहरी जगह दिखाई दी। लगातार उत्खनन से नदी का किनारा कमजोर हो गया है और मिट्टी भसक रही है।
- इधर, रेत निकालने के बाद उसे खपाने के लिए भी अलग व्यवस्था बनाई गई है। दिन में ट्रैक्टरों से रेत निकालकर सड़क किनारे डंप किया जाता है। इसके बाद बैकहो लोडर से हाइवा में भरकर दूसरी जगह भेज दिया जाता है। रात में निकाली गई रेत की सुबह पांच से 11 बजे के बीच ढुलाई की जाती है।
10 वर्षों से खनन, रकबा घटा, शिकायत पर कार्रवाई नहीं
नदी किनारे खेती करने वाले 70 वर्षीय किसान श्यामलाल पटेल ने बताया कि वे बचपन से खेती कर रहे हैं। पिछले 10 वर्षों से नदी में अवैध उत्खनन जारी है। हर साल नदी का किनारा कमजोर होकर पानी आने पर बह जाता है। उनकी करीब 25 से 30 फीट जमीन नदी में समा चुकी है। इससे खेती का रकबा लगातार घट रहा है। उन्होंने सरपंच और जिला प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कार्रवाई के बाद भी नहीं सुधर रहे हालात
- जिले में अवैध उत्खनन के मामलों में कार्रवाई के बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति नहीं बदल रही है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर 15 जून 2025 से चलाए गए विशेष अभियान में खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई के तहत 66 प्रकरणों में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। हाल ही में विशेष न्यायाधीश, खान एवं खनिज अधिनियम, बिलासपुर ने अनिल कुमार गौलिया को तीन साल के कठोर कारावास और 26 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।
- 17 जून 2025 को नगोई घाट स्थित अरपा नदी से जेसीबी क्रमांक सीजी 11 एबी 3246 से अवैध रेत परिवहन के मामले में यह सजा हुई। इससे पहले 16 जून को कोटा थाना क्षेत्र के लारीपारा घाट के मामले में ट्रैक्टर मालिक-चालक सुरेंद्र कुमार कुर्रे और ट्रॉली मालिक विजय बघेल को भी तीन-तीन साल की सजा सुनाई गई थी।
ट्रैक्टर चालक बोला- सुबह से शाम तक होता है खनन, पंच के आदेश पर हो रहा काम
घुटकू घाट पर रेत निकाल रहे एक ट्रैक्टर चालक ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि यहां सुबह से शाम तक खनन होता है। उसके मुताबिक, गांव के पंच पिछले कई महीने से उत्खनन करा रहे हैं। एक ट्रैक्टर रेत की कीमत 1400 रुपये ली जाती है। नदी में लगातार ट्रैक्टरों से रेत निकाली जा रही है।
बैकहो लोडर चालक ने बताया- अमित का है रेत डंप, एक हाइवा की कीमत 6200 रुपये
सड़क किनारे डंप की गई रेत को बैकहो लोडर से हाइवा में भरते एक चालक से टीम ने बातचीत की। चालक ने बताया कि वह केवल रोजी पर रेत हाइवा में भरने का काम करता है। पूछने पर उसने बताया कि सड़क किनारे डंप की गई रेत गांव के अमित नाम के व्यक्ति की है। एक हाइवा रेत की कीमत 6200 रुपये बताई।
शिकायत मिलने पर कार्रवाई जारी
अवैध रेत उत्खनन के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। एफआईआर दर्ज कराई जा रही है और न्यायालय से आरोपितों को सजा भी हो रही है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई जारी है। संजय अग्रवाल, कलेक्टर बिलासपुर
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का अहम फैसला... एकलव्य विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य का प्रभार हटाने का आदेश निरस्त