
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने आटो चालकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। यातायात पुलिस की कार्रवाई में 100 से अधिक आटो चालकों पर कार्रवाई की गई। वहीं पिछले एक माह में कुल 1177 नियम उल्लंघन करने वाले चालकों पर चालानी और न्यायालयीन कार्रवाई की गई है।
एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि लगातार बैठकें लेकर आटो यूनियनों और चालकों को नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई थी। विशेष रूप से यूनिफार्म पहनकर वाहन चलाने के निर्देश दिए गए थे, जिससे चालकों की अलग पहचान सुनिश्चित हो सके।
पुलिस का कहना है कि इससे यात्रियों की सुरक्षा भी बढ़ेगी और किसी विवाद या घटना की स्थिति में चालक की पहचान आसान होगी। शराब या अन्य नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। आइटीएमएस और डिजिटल निगरानी के जरिए उल्लंघनों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।
यूनिफार्म से होगी पहचान, नियम पालन पर जोर
आटो चालकों को निर्धारित ड्रेस कोड अपनाने के लिए पहले ही सात दिन का समय दिया गया था। यातायात पुलिस का मानना है कि यूनिफार्म केवल औपचारिकता नहीं बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और जवाबदेही से जुड़ा कदम है। शहर में रोजाना हजारों लोग आटो सेवा का उपयोग करते हैं, ऐसे में यात्रियों को यह भरोसा होना चाहिए कि वाहन संचालित करने वाला चालक पंजीकृत और पहचान योग्य है। पुलिस का कहना है कि किसी विवाद, दुर्घटना, अपराध या असामाजिक गतिविधि की स्थिति में यूनिफार्म चालक की तत्काल पहचान में मदद करेगी। अभियान के दौरान ऐसे कई चालक मिले जो निर्देशों के बाद भी बिना यूनिफार्म वाहन चला रहे थे। ऐसे मामलों में चालानी कार्रवाई की गई और दोबारा उल्लंघन होने पर न्यायालयीन कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
यह भी पढ़ें- तखतपुर में रेलवे की जमीन का 'अवैध सौदा'; 81 लाख में दुकानों को बेचने का प्रयास, किरायेदारों को दी धमकी
एक महीने में हजार से ज्यादा आटो चालकों पर कार्रवाई
यातायात नियमों के पालन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले एक माह में एक हजार 177 आटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई दर्ज की गई। इनमें बिना यूनिफार्म वाहन संचालन, नियमों की अनदेखी, दस्तावेज संबंधी कमी और अन्य यातायात उल्लंघन शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि पहले जागरूकता और समझाइश पर जोर दिया गया, लेकिन लगातार नियम तोड़े जाने के कारण सख्ती बढ़ानी पड़ी। एक ही दिन में 100 से अधिक चालकों पर कार्रवाई इस अभियान की गंभीरता को दर्शाती है। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित और अनुशासित बनाना है। आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा तथा नियमों का पालन नहीं करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त निगरानी
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाने वाले आटो चालकों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार सार्वजनिक परिवहन चलाने वाले चालकों की जिम्मेदारी अधिक होती है क्योंकि उनके साथ यात्रियों की सुरक्षा सीधे जुड़ी होती है। आटो चालक संघों की बैठकों में भी यह विषय प्रमुखता से उठाया गया और चालकों को चेतावनी दी गई कि नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ने पर प्रकरण न्यायालय भी भेजे जाएंगे। पुलिस ने यात्रियों से भी अपील की है कि यदि कोई चालक संदिग्ध अवस्था में दिखे तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।
आइटीएमएस और डिजिटल सिस्टम से रखी जा रही नजर
यातायात पुलिस अब केवल सड़क पर जांच तक सीमित नहीं है बल्कि तकनीकी निगरानी को भी अभियान का हिस्सा बनाया गया है। शहर में आइटीएमएस और नेक्स्ट जेन एम परिवहन प्रणाली के माध्यम से वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। कैमरों और डिजिटल रिकार्ड के जरिए नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीक आधारित निगरानी से पारदर्शिता बढ़ती है और कार्रवाई अधिक प्रभावी होती है। आम नागरिक भी शिकायत या सूचना देकर इस व्यवस्था में सहयोग कर सकते हैं। पुलिस ने आटो चालकों से अपील की है कि वे महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए नियमों के अनुरूप वाहन संचालन करें।