Bilaspur Weather News: बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं से बिलासपुर में बढ़ रही सर्दी
न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास,सुहाने लगी अब धूप,शहर के प्रमुख स्थान ईदगाह चौक, तेलीपारा, सिम्स रोड, रेलवे बुधवारी बाजार सहित सरकंडा, मंगल ...और पढ़ें
By Yogeshwar SharmaEdited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Mon, 31 Oct 2022 10:36:21 AM (IST)Updated Date: Mon, 31 Oct 2022 10:36:21 AM (IST)

बिलासपुर। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं के कारण शहर का वातारण बदलने लगा है। मौसम में अब ठंडक घुलने लगी है। सर्दी तेजी से बढ़ रही है। सोमवार की सुबह भी जबरदस्त कंपकंपी रही। मौसम विभाग की मानें तो एक नवंबर से ठंड में और वृद्धि होने की संभावना है। मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा की मानें तो उत्तर से शुष्क और ठंडी हवा का आगमन प्रदेश में लगातार जारी है । साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं उपरि और मध्य वायुमंडल में आने की प्रबल संभावना है।
31 अक्तूबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने तथा आकाश मुख्यत: साफ रहने की सम्भावना है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। परंतु वृद्धि का ट्रेंड बनने की संभावना है। ठंड बढ़ने से छोटे बच्चों और बुजुर्गों की समस्या भी बढ़ने लगी है। यही कारण है कि घरों में अब गर्म पानी का उपयोग बढ़ गया है। इसके अलावा आलमारी से अपने गर्म कपड़ों के साथ रजाई और कंबल निकालने लगे हैं।
शहर के प्रमुख स्थान ईदगाह चौक, तेलीपारा, सिम्स रोड, रेलवे बुधवारी बाजार सहित सरकंडा, मंगला, तिफरा क्षेत्र के दुकानें गर्म कपड़ों से सज गई है। रविवार की रात न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं, अधिकतम तापमान अभी 29.4 डिग्री सेल्सियस है। मौसम विशेषज्ञ सिराज खान का कहना है कि न्यूनतम व अधिकतम तापमान में अभी उतार चढ़ाव का दौर चलेगा। लेकिन ठंड में वृद्धि होगी।
पेंड्रारोड में रात और भी सर्द है। यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रात में पारा 12.4 डिग्री सेल्सियस पर आ चुका है। जिसके कारण लोगों को रात में अलाव भी जलाना पड़ रहा है। इसके अलावा मौसम में नमी बढ़ने से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। उनका कहना है कि इस साल धान की पैदावार अधिक होगी।