
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। अवैध संबंध की आशंका पर टीचर और उसके बेटे ने युवक की हत्या कर दी। इधर मारपीट के दौरान टीचर की पत्नी भागते हुए सकरी थाने पहुंची। घटना की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तब तक पिता-पुत्र ने युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। उनसे घटना के संबंध में विस्तार से पूछताछ की जा रही है।
मुंगेली जिले के राम्हेपुर में रहने वाला दावेद्र बघेल(27) केटरिंग का काम करता था। शनिवार को उसकी लाश सकरी क्षेत्र के सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कालोनी के मकान में मिली। इसकी सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पूछताछ में पता चला कि मकान शिव कांबले का है। मकान मालिक टीचर है। प्राथमिक पूछताछ के बाद टीचर शिव कांबले को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
इसमें पता चला कि दावेद्र शनिवार की सुबह करीब 10 बजे से उनके मकान के पास घूम रहा था। शिव को पहले ही उस पर अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध की आशंका थी। इसके बाद आरोपित ने अपने बेटे के साथ पीछा कर दावेद्र को पकड़ लिया। उसे घर लाकर मारपीट की गई। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने टीचर और उसके बेटे को हिरासत में लिया है। आगे की पूछताछ में और भी जानकारी मिलने की बात कही जा रही है। इधर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- सेंट्रल यूनिवर्सिटी बिलासपुर की शोध छात्रा ने लैब में खाया केमिकल, अस्पताल में छात्रों का भारी हंगामा
पत्नी ने ही दी थी थाने में सूचना
बताया जाता है कि जब टीचर और उसका बेटा दावेंद्र की पिटाई कर रहे थे तब टीचर की पत्नी भी वहीं पर थी। अनहोनी की आशंका पर वह भागते हुए सकरी थाने पहुंची। उसने घटना की पूरी जानकारी पुलिस को दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तब तक दावेंद्र की मौत हो गई। बताया जाता है कि अवैध संबंध का आरोप लगाकर टीचर ने अपनी पत्नी पर दबाव बनाया था कि वह अपने प्रेमी या पिता में से किसी एक को घर बुलाए। तब महिला ने प्रेमी को घर बुलाया था।