
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेललाइन परियोजना अब अपनी मंजिल के बेहद करीब पहुंच गई है। एक और सेक्शन में 16.82 किमी नई रेललाइन बिछाने का काम पूरा हो गया है। सोमवार को नैला-लटिया केबिन के बीच बने इस ट्रैक का रेल संरक्षा आयुक्त ने बारीकी से निरीक्षण किया।
उनकी स्वीकृति मिलते ही इस सेक्शन पर ट्रेनों का परिचालन शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही 206 किमी लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना में अब केवल नैला-चांपा के बीच 10 किमी का काम शेष रह गया है। रेलवे ने इस अंतिम हिस्से को पूरा करने में पूरी ताकत झोंक दी है।
बिलासपुर–झारसुगुड़ा चौथी रेललाइन परियोजना 206 किलोमीटर है। यह कार्य चरणबद्ध हो रहा है। इसी के तहत ही नैला-लटिया केबिन के बीच लाइन बिछाने का काम किया जा रहा था। पिछले दिनों यह भी पूरा हो गया है। हालांकि लाइन बिछने के बाद सीधे उस पर ट्रेनों का परिचालन नहीं किया जा सकता है। इसके लिए रेल संरक्षा आयुक्त की स्वीकृति जरुरी होती है। मंजूरी तभी मिलती है, जब संरक्षा आयुक्त पूरे ट्रैक की बारीकी से जांच करते हैं।
काम पूरा होने के बाद दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने संरक्षा आयुक्त को निरीक्षण के लिए आमंत्रित किया। इसी के तहत एसई सर्किल के रेल संरक्षा आयुक्त सुमित सिंघल सोमवार को बिलासपुर पहुंचे। द्वारा आज इस नई चौथी लाइन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने जांजगीर नैला-लटिया रेलखंड की संरक्षा, तकनीकी गुणवत्ता और कोचिंग ट्रेन व मालगाड़ी परिचालन के लायक है या नहीं, इसका जायजा लिया।
इसके अलावा मोटर ट्राली के जरिए संरक्षा एवं तकनीकी मानकों का गहन परीक्षण किया गया। इस दौरान व संतुष्ट भी नजर आए। लेकिन, संरक्षा आयुक्त ने अभी रिपोर्ट नहीं दी है। यह बाद में आएगा। रेल संरक्षा आयुक्त से अंतिम स्वीकृति प्राप्त होने के बाद इस नई चौथी रेल लाइन पर ट्रेनों का निर्बाध परिचालन प्रारंभ किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर शहर को मिली प्रदेश की पहली शटल आधारित आटोमेटेड कार पार्किंग, क्या है 'शटल रोबो तकनीक'?
ट्रैक
इंटरलाकिंग प्रणाली
प्वाइंट एवं क्रासिंग
ओएचई व्यवस्था
ब्रिज
समपार फाटक
सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली
रेल संरक्षा आयुक्त ने इस नवनिर्मित रेललाइन पर ट्रायल से पूर्व जांजगीर-नैला स्टेशन व लटिया केबिन यार्ड का विधिवत परीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने दोनों सेक्शन में ओएमएस कोच के साथ स्पीड ट्रायल किया।इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) मुदित भटनागर, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित निर्माण विभाग, मंडल तथा मुख्यालय के संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे।
बिलासपुर-पेंड्रारोड तीसरी रेललाइन परियोजना का काम भी रेलवे युद्ध स्तर पर आगे बढ़ा रहा है। परियोजना को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। इसी कड़ी में करगीरोड से सल्कारोड के बीच आठ किमी लंबी तीसरी रेललाइन बिछाने का काम पूरा हो गया है। अब इस नवनिर्मित ट्रैक की संरक्षा जांच की तैयारी है। रेल संरक्षा आयुक्त मंगलवार को इस सेक्शन का बारीकी से निरीक्षण करेंगे।
इस दौरान ट्रैक, ओएचई, सिग्नलिंग सहित सुरक्षा से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच की जाएगी। निरीक्षण के बाद स्वीकृति मिलने पर इस सेक्शन में तीसरी लाइन पर ट्रेनों का परिचालन शुरू करने का रास्ता साफ होगा। इससे बिलासपुर-पेंड्रारोड रेलखंड की क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों के परिचालन में भी सुविधा मिलेगी।
206 किमी की है बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी लाइन परियोजना
2100 करोड़ रुपये से हो रही तैयार