
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को पुराना बस स्टैंड में छत्तीसगढ़ की पहली शटल तकनीक आधारित आटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया। बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक भवन में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी। बेसमेंट में दो पहिया वाहनों को खड़ी करने की सुविधा भी दी गई है।
पार्किंग संचालन को लेकर अभी निगम की ओर से मारदण्ड तैयार किया जा रहा है। भूतल सहित कुल पांच मंजिला भवन के भूतल पर वाहनों के प्रवेश व निकास नियंत्रण की व्यवस्था है, जबकि प्रथम से चौथे तल तक प्रत्येक मंजिल पर 20 कारें पार्क होंगी। परियोजना में दो वाहन एलिवेटर तथा दो प्रवेश व दो निकास बे बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से यहां अग्नि पहचान व अग्निशमन प्रणाली, विद्युत बैकअप और स्वचालित निगरानी व्यवस्था लगाई गई है।
इस पार्किंग में चालक को भूतल स्थित प्रवेश बे में कार खड़ी कर बाहर आना होगा। इसके बाद स्वचालित नियंत्रण प्रणाली के जरिए एलिवेटर कार को तय मंजिल तक ले जाएगा और शटल रोबो उपकरण उसे खाली स्लॉट में पार्क करेगा। वापसी का अनुरोध करने पर यही प्रणाली कार को भूतल के निकास बे तक पहुंचा देगी। इसकी संचालन क्षमता 60 वाहन प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
यह भी पढ़ें- 6 साल की छात्रा से शिक्षक की घिनौनी करतूत, स्कूल में मासूम से अश्लील हरकत, पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार