नशे के अवैध कारोबार पर बिलासपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, पंजाब के अमृतसर से पकड़ा गया मुख्य सप्लायर
बिलासपुर की सकरी पुलिस और एसीसीयू टीम ने पंजाब के अमृतसर से हेरोइन सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी रविंद्रजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। 24 अक्टूबर को पकड़े गए एक तस्कर के तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने यह अंतरराज्यीय कार्रवाई की।
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 09:18:53 PM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 09:18:53 PM (IST)
आरोपित रविंद्रजीत सिंहHighLights
- बिलासपुर पुलिस ने अमृतसर से हेरोइन के मुख्य सप्लायर रविंद्रजीत सिंह को किया गिरफ्तार।
- 24 अक्टूबर को गिरफ्तार आरोपी से मिले सुराग के आधार पर हुई कार्रवाई।
- आरोपी को बिलासपुर लाकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया, नेटवर्क की जांच जारी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: हेरोइन (चिट्टा) की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीसीयू और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब के अमृतसर में दबिश देकर मुख्य सप्लायर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40) को गिरफ्तार किया है। उसे बिलासपुर लाकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
डीएसपी सुदीप सरकार ने बताया कि 24 अक्टूबर को उसलापुर बाजार के पास से दीपक वालिया (32) निवासी अमृतसर हाल मुकाम उसलापुर को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन और 10 हजार 500 रुपये जब्त किए गए। इस मामले में सकरी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
दीपक से पूछताछ और साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को अमृतसर निवासी रविंद्रजीत सिंह के मुख्य सप्लायर होने की जानकारी मिली। इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम पंजाब भेजी गई। पंजाब पुलिस की मदद से आरोपित को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- पढ़ाई और नौकरी के नाम पर वैवाहिक जिम्मेदारियों से दूर रहना मानसिक क्रूरता: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का बड़ा फैसला
सप्लाई नेटवर्क की जड़ तक पहुंची पुलिस
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने इस मामले में एंड-टू-एंड विवेचना की। इसका उद्देश्य केवल नशा बेचने वालों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर मुख्य सप्लायर और पूरे नेटवर्क का पता लगाना रहा। एसीसीयू के निरीक्षक गोपाल सतपथी ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका
अमृतसर में गिरफ्तारी की कार्रवाई में एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे, एएसआइ सुरेंद्र तिवारी, राजेश्वरधर दीवान तथा आरक्षक राकेश यादव और रमेश यादव शामिल रहे। टीम ने तकनीकी इनपुट और स्थानीय पुलिस के सहयोग से मुख्य सप्लायर तक पहुंचने में सफलता हासिल की।