जिनेवा में चमकी बिलासपुर की बेटी चुबाकाती ए. जमीर , भारत का बढ़ाया मान
बिलासपुर के गुरु घासीदास विवि की विधि छात्रा चुबाकाती ए. जमीर ने जिनेवा में यूएन कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व कर आउटस्टैंडिंग एंबेसेडर रिकगनीशन हासिल किया।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 09:23:05 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 09:23:05 PM (IST)
कुलपति प्रो.चक्रवाल के साथ छात्रा चुबाकाती ए.जमीर एवं अन्य अधिकारीगणHighLights
- जिनेवा में चमकी बिलासपुर की बेटी।
- मिली आउटस्टैंडिंग एंबेसेडर रिकगनीशन।
- यूएन कार्यक्रम में किया भारत का प्रतिनिधित्व।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा, संवाद कौशल और कूटनीतिक सूझबूझ का परिचय देते हुए गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय की विधि छात्रा चुबाकाती ए.जमीर ने भारत का मान बढ़ाया है। स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आयोजित संयुक्त राष्ट्र के यूएनआईटीएआर इमरशन प्रोग्राम में भारतीय प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुईं जमीर को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आउटस्टैंडिंग एंबेसेडर रिकगनीशन से नवाजा गया।
विश्वविद्यालय के विधि विभाग में बीए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा चुबाकाती ए. जमीर ने दो से छह नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व किया। कार्यक्रम के दौरान उनकी सक्रिय सहभागिता, प्रभावशाली प्रस्तुति और कूटनीतिक व्यवहार ने विशिष्ट पहचान बनाई। इसी के परिणामस्वरूप उन्हें आउटस्टैंडिंग एंबेसेडर रिकगनीशन प्रदान किया गया। वापस आने के बाद छात्रा की मुलाकात बुधवार को कुलपति प्रो.आलोक कुमार चक्रवाल से हुई, जहां उन्होंने विस्तार से जानकारी साझा किया।
कुलपति प्रो. चक्रवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह विधि विभाग के साथ पूरे विश्वविद्यालय के लिए सराहनीय उपलब्धि है। जमीर की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी अंतरराष्ट्रीय अवसरों के लिए आगे आने और अपनी क्षमताओं को निखारने की प्रेरणा देगी। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. अश्विनी कुमार दीक्षित, विधि विद्यापीठ के अधिष्ठाता एवं विभागाध्यक्ष प्रो. प्रवीण कुमार मिश्रा, प्रो. सुधांशु रंजन मोहापात्रा, डा.निधि संदल और डा.अजय सिंह उपस्थित रहे।
वहीं संकाय सदस्यों डा.सागर कुमार जायसवाल, सह-प्राध्यापक, एसएस. बिसेन, सहायक प्राध्यापक एवं डा.पूजा, सहायक प्राध्यापक ने भी छात्रा की उपलब्धि की सराहना की। जमीर की यह सफलता विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की क्षमता को दर्शाती है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में वाशिंग मशीन की सर्विसिंग के नाम पर बैंक अधिकारी से 9.49 लाख की साइबर ठगी
कक्षा से कूटनीति के वैश्विक गलियारे तक
कानून की पढ़ाई के शुरुआती दौर में ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाना चुबाकाती ए. जमीर की उपलब्धि को खास बनाता है। बीए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की पढ़ाई के साथ संयुक्त राष्ट्र से जुड़े कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व करना बताता है कि वैश्विक नेतृत्व के अवसर केवल अनुभव या वरिष्ठता के मोहताज नहीं होते। सही तैयारी, प्रभावी संवाद, आत्मविश्वास और विषय की समझ युवाओं को दुनिया के मंच तक पहुंचा सकती है।