
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। नवंबर की सर्द रातों का एक ऐसा रिकार्ड है, जिसे 17 साल बाद भी मौसम नहीं तोड़ पाया है। वर्ष 2009 में 30 नवंबर को पारा लुढ़ककर 9.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। ठंड का यह आंकड़ा आज भी नवंबर के मौसम की सबसे सर्द याद बनकर दर्ज है। इधर, न्यायधानी में इस बार मौसम धीरे-धीरे करवट ले रहा है।
दिन की हल्की गर्माहट और रात की बढ़ती ठिठुरन के बीच शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.7 व न्यूनतम 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही सामान्य से नीचे रहे। दस वर्षों के मौसम आंकड़े भी गवाही दे रहे हैं कि नवंबर केवल ठंड की दस्तक का महीना नहीं, तापमान के उतार-चढ़ाव और मौसमी बदलावों का दिलचस्प अध्याय है।
नवंबर के पुराने रिकार्ड भी मौसम की कहानी के कई पहलू सामने रखते हैं। उपलब्ध आंकडों में यह साफ हो गया कि 17 साल बाद भी यह रिकार्ड नहीं टूट सका है। पांच नवंबर 2009 को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। इसी वर्ष 30 नवंबर को न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज किया गया। यानी नवंबर में गर्म दिन और सर्द रात, दोनों का इतिहास रहा है। वर्ष 2009 में मासिक वर्षा 47.8 मिलीमीटर और 18 नवंबर को 24 घंटे में सर्वाधिक 21.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई थी। यह आंकड़ा बताता है कि नवंबर का मौसम हर साल एक जैसा नहीं रहता।
वहीं पिछले 10 वर्षों के आंकडों से भी स्पष्ट है कि वर्ष 2016 से 2025 तक के आंकडे बता रहे हैं कि पारा कभी भी 11 डिग्री से नीचे नहीं आया।
इधर शुक्रवार को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री दर्ज हुआ, यह भी सामान्य से 0.2 डिग्री कम रहा। प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली, मुंबई और हावड़ा की ट्रेनों में नो रूम, बिलासपुर में अगले सात दिन तक बर्थ नहीं
नवंबर में मौसम का गणित, हर साल अलग कहानी
दस साल के आंकड़े बताते हैं कि नवंबर में अधिकतम तापमान का आंकड़ा 31 से 34 डिग्री के बीच रहा है। वर्ष 2024 में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री पहुंचा, जबकि 2019 में यह 31.2 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो 2016 में पारा 11.2 डिग्री तक गिरा था। 2023 में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री रहा। वर्षा के मामले में 2021 में मासिक आंकड़ा नौ मिलीमीटर तक पहुंचा। यह बदलाव मौसम की अनिश्चितता को दर्शाता है।
नवंबर में सेहत संभालने के पांच जरूरी उपाय
10 में दिन व रात का तापमान
वर्ष अधिकतम तापमान दिनांक न्यूनतम तापमान दिनांक
2016 31.5 5 11.2 23
2017 32.0 21 11.4 26
2018 33.6 6 12.5 25
2019 31.2 4 15.5 26
2020 33.4 19 12.4 24
2021 32.6 21 12.4 29
2022 32.0 3 12.0 26
2023 32.6 11 15.6 26
2024 34.2 1 13.0 27
2025 31.6 5 12.4 12
एक्सपर्ट व्यू
दूसरे पखवाड़े में बढ़ती है ठंड की आहट
नवंबर में बिलासपुर का मौसम संक्रमण काल से गुजरता है। महीने के पहले पखवाड़े में दिन का तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहता है, जबकि रातें धीरे-धीरे ठंडी होने लगती हैं। दूसरे पखवाड़े में रात की अवधि बढ़ने और धरातल से ऊष्मा का विकिरण होने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आती है। आसमान साफ और वातावरण शुष्क रहने पर यह प्रक्रिया तेज होती है। इसलिए नवंबर का दूसरा पखवाड़ा ठंड की वास्तविक शुरुआत का संकेत देता है।
-अब्दुल सिराज खान, मौसम विशेषज्ञ