साले ने जीजा पर किया जानलेवा हमला, पहले हथौड़े से वार, फिर ब्लेड से गला काटने की कोशिश
बिलासपुर होमगार्ड कैंप में नागरिक सुरक्षा माक ड्रिल हुई, हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैकआउट और 12 घायलों को निकालने का अभ्यास किया गया।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 03:53:50 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 03:53:50 PM (IST)
HighLights
- ग्राम खम्हरिया में विवाद के बाद हिंसक हुआ साला।
- हथौड़े और ब्लेड के बाद दांतों से भी काटा।
- घायल जीजा अस्पताल में भर्ती, केस दर्ज।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में पारिवारिक रिश्ते को लहूलुहान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने आपसी विवाद के दौरान अपने ही जीजा पर हथौड़े और ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे भी मन नहीं भरा तो उसने जीजा को दांतों से काटकर घायल कर दिया। हमले में पीड़ित के हाथ, चेहरे, ठुड्डी और गले में चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पीड़ित बोलने की स्थिति में भी नहीं था।
सीपत क्षेत्र के ग्राम मड़ई भाठापारा निवासी सुरेश कुमार सोनझरी घर निर्माण का ठेका लेकर काम कर रहे हैं। 26 नवंबर को वे निर्माण सामग्री गिरवाने के लिए ग्राम खम्हरिया स्थित मनोज किराना दुकान के पास पहुंचे थे। शाम करीब पांच बजे उनका साला सुंदर लाल सोनझरी वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। सुंदर लाल ने पहले हथौड़े से सुरेश के हाथ पर वार किया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और ब्लेड निकालकर चेहरे, ठुड्डी तथा गले पर हमला कर दिया।
सुरेश ने बचाव की कोशिश की तो आरोपित ने उनके हाथ की उंगलियों और बाईं कोहनी के पास दांतों से काट लिया। हमले में लहूलुहान सुरेश किसी तरह घर पहुंचे। स्वजन उन्हें मोटरसाइकिल से बलौदा अस्पताल ले गए, जहां इलाज कराया गया। चोटों की गंभीरता के कारण सुरेश बोलने में असमर्थ बताए गए। इसके बाद उनके भाई राकेश कुमार सोनझरी ने 27 नवंबर को सीपत थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर सुंदर लाल सोनझरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 118(1), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।