नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: सरकारी योजना के नाम पर भेजी गई एक एपीके फाइल व्यवसायी को लाखों रुपये की चपत लगा गई। साइबर जालसाजों ने पीएम किसान न्यू रजिस्ट्रेशन के नाम से वाट्सएप पर फाइल भेजकर व्यवसायी के मोबाइल तक पहुंच बना ली। इसके बाद उनकी पत्नी के नाम पर जारी क्रेडिट कार्ड से 10 लाख 22 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। उन्होंने तत्काल बैंक से संपर्क कर खाते और एटीएम को ब्लाक कराया तथा साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
मामले में सिविल लाइन पुलिस ने जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन टीआइ रविशंकर तिवारी ने बताया कि क्षेत्र के मंगला चौक स्थित रियल हैवेंस अपार्टमेंट निवासी आनंद अग्रवाल व्यवसायी हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि छह नवंबर को उनके वाट्सएप पर एक अनजान नंबर से पीएम किसान न्यू रजिस्ट्रेशन नाम से एपीके फाइल भेजी गई थी। फाइल को सरकारी प्रक्रिया से जुड़ा समझकर उन्होंने मोबाइल में इंस्टाल कर लिया।
दिनभर व्यस्त रहने के कारण उन्होंने रात में मोबाइल की जांच नहीं की और सो गए। सात नवंबर की रात करीब तीन बजे उन्होंने मोबाइल देखा तो उसमें 10 लाख 22 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन का मैसेज मिला। आनन-फानन में उन्होंने बैंक अधिकारी से संपर्क कर खाते और एटीएम को ब्लाक कराया। साथ ही साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सिविल लाइन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
यह भी पढ़ें- मंदिर की दीवार में छिपा बैठा था आठ फीट का अजगर, दो घंटे की मशक्कत से रेस्क्यू
व्यवसायी ने पुलिस को बताया कि जालसाजों ने उनकी पत्नी अन्नू अग्रवाल के नाम पर जारी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रकम ट्रांसफर की है। पुलिस अब ट्रांजेक्शन के तरीके, रकम प्राप्त करने वाले खाते और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि एपीके फाइल इंस्टाल होने के बाद मोबाइल में किस तरह की गतिविधियां हुईं।
एपीके फाइल से जालसाजों को मिल जाता है मोबाइल का एक्सेस
एपीके एंड्रायड मोबाइल में एप इंस्टाल करने वाली फाइल होती है। साइबर ठग सरकारी योजनाओं, बिजली बिल, बैंक केवाईसी, चालान और नौकरी के नाम पर ऐसी फाइल भेजते हैं। इसे इंस्टाल करने पर उसमें मौजूद कोड मोबाइल में सक्रिय हो सकता है। इसके बाद ठग मोबाइल के मैसेज, नोटिफिकेशन और अन्य जानकारियों तक पहुंच बना सकते हैं। इसी का इस्तेमाल बैंकिंग और कार्ड से जुड़े फ्राड में किया जाता है।
साइबर ठगी के बदल रहे तरीके
अब ठग केवल फर्जी फोन काल या ओटीपी के भरोसे नहीं हैं। वाट्सएप पर बैंक स्टेटमेंट, आरबीआइ और एमसीए के नाम से फाइल भेजी जा रही हैं। बिजनेस संचालकों को निशाना बनाकर अधिकारियों के नाम से तत्काल भुगतान के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके अलावा फर्जी कस्टमर केयर नंबर, डिजिटल अरेस्ट, वीडियो काल से डराना, क्यूआर कोड स्कैन कराना, फर्जी निवेश और स्क्रीन शेयरिंग एप के जरिए भी लोगों को ठगा जा रहा है।
ठगी से बचने के लिए ये सावधानियां जरूरी
- - अनजान नंबर से आई एपीके फाइल कभी इंस्टाल न करें।
- - सरकारी योजनाओं के एप केवल आधिकारिक वेबसाइट या विश्वसनीय एप स्टोर से डाउनलोड करें।
- - मोबाइल में अनजान एप को एसएमएस, नोटिफिकेशन और एक्सेसिबिलिटी की अनुमति न दें।
- - किसी को ओटीपी, सीवीवी, पासवर्ड या यूपीआइ पिन न बताएं।
- - वाट्सएप पर अनजान लिंक और क्यूआर कोड से बचें।
- - बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड के ट्रांजेक्शन की नियमित जांच करें।
- - मोबाइल और एप को अपडेट रखें।