
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सिरगिट्टी पुलिस ने कोयला कारोबार में करीब 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में कोलकाता निवासी व्यापारी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत महालक्ष्मी कोल कारपोरेशन के प्रोपराइटर आलोक अग्रवाल ने दर्ज कराई है।
तिफरा के रामा वर्ल्ड में रहने वाले आलोक अग्रवाल कोयला व्यापारी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी फर्म महालक्ष्मी कोल कारपोरेशन एसईसीएल से कोयले की खरीद-बिक्री का कारोबार करती है। वर्ष 2022 में उनकी कारोबारी पहचान कोलकाता स्थित अर्श राजा ट्रेडिंग फर्म के प्रोपराइटर मोहम्मद राजी अहमद खान उर्फ राजू खान से हुई थी। शुरुआत में आरोपित नियमित रूप से भुगतान करता रहा, जिससे दोनों के बीच व्यावसायिक विश्वास कायम हो गया।
बाद में आरोपित ने अधिक मात्रा में कोयला उधार पर देने के लिए कहा। उसने भरोसा दिलाया कि कुछ समय बाद पूरा भुगतान कर देगा। इस भरोसे पर मार्च 2023 से अप्रैल 2024 के बीच महालक्ष्मी कोल कारपोरेशन ने बड़ी मात्रा में कोयले की आपूर्ति की। इस दौरान आरोपित ने कुछ भुगतान तो किया, लेकिन करीब 30 लाख रुपये का भुगतान आज तक नहीं किया।
आलोक अग्रवाल का आरोप है कि कई बार संपर्क करने और बकाया राशि की मांग करने के बावजूद आरोपित लगातार टालमटोल करता रहा। पिछले लगभग एक वर्ष से उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया है। उनका कहना है कि आरोपित ने शुरू से ही बेईमानी और कपटपूर्ण नीयत से कोयला खरीदा तथा भुगतान नहीं कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बिक्री बिल और लेन-देन से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं। शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
यह भी पढ़ें- शादी में मिली बाइक पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का अहम निर्देश, वैवाहिक विवाद में पति को दिया ये आदेश