_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। छठ पूजा के बाद भी ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ कम नहीं हुई है। घर से त्योहार मनाकर लौटने और अपने गंतव्य तक पहुंचने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने चर्लपल्ली-बरौनी पूजा स्पेशल ट्रेन के एक-एक फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया के यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार फेरे में वृद्धि के बाद 07561 चर्लपल्ली-बरौनी पूजा स्पेशल ट्रेन 20 नवंबर को चर्लपल्ली से रवाना होगी। इसी तरह 07562 बरौनी-चर्लपल्ली पूजा स्पेशल ट्रेन 22 नवंबर को बरौनी से छूटेगी। इस ट्रेन का वाणिज्यिक ठहराव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चार प्रमुख स्टेशनों गोंदिया, दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर में दिया गया है।
मालूम हो कि त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची और कन्फर्म टिकट की मारामारी को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त फेरे चलाने की व्यवस्था की है। इससे उन यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी, जिन्हें नियमित ट्रेनों में आरक्षण नहीं मिल पा रहा है।
चर्लपल्ली-बरौनी पूजा स्पेशल ट्रेन चर्लपल्ली से 14:00 बजे रवाना होगी तथा मार्ग के अन्य मध्यवर्ती स्टेशनों से होते हुए दूसरे दिन शनिवार को गोंदिया रात 12:03 बजे, दुर्ग 2:18 बजे, रायपुर 3:05 बजे, बिलासपुर 5:00 बजे पहुंचकर तीसरे दिन रविवार 2:15 बजे बरौनी स्टेशन पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की केंद्र को फटकार: कहा- 'खानापूर्ति के लिए पेश किया शपथपत्र', दो सप्ताह में मांगी रिपोर्ट
वापसी में बरौनी-चर्लपल्ली पूजा स्पेशल ट्रेन बरौनी से 3:00 बजे रवाना होगी और बीच के स्टेशनों में ठहरते हुए दूसरे दिन सोमवार को बिलासपुर 1:30 बजे, रायपुर 3:15 बजे, दुर्ग 4:08 बजे, गोंदिया 6:28 बजे पहुंचेगी। चर्लपल्ली स्टेशन पहुंचने का समय 19:00 बजे है। कोच संरचना में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ है। इस ट्रेन में 02 एसएलआरडी, 08 स्लीपर और 11 सामान्य कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।