
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को भारी से अति भारी वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रेल यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की परिचालन स्थिति की जानकारी लेने और खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। बारिश के कारण सड़क यातायात प्रभावित होने और स्टेशनों पर फिसलन की आशंका को देखते हुए यात्रियों को पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों के परिचालन, मार्ग परिवर्तन या निरस्तीकरण से संबंधित जानकारी के लिए आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन यात्रियों तक आवश्यक सावधानियों की जानकारी पहुंचा रहा है। इसके लिए स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, सूचना एवं डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल स्क्रीन और आधिकारिक इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म का उपयोग किया जा रहा है।
यात्रा से पहले स्थिति जांचें: मौसम खराब होने के कारण ट्रेनों के परिचालन, मार्ग परिवर्तन (Diversion) या कैंसिलेशन की संभावना बनी रहती है। इसलिए घर से निकलने से पहले ट्रेन की सही स्थिति जरूर जांच लें।
पर्याप्त समय लेकर पहुंचें स्टेशन: बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। साथ ही रेलवे स्टेशनों पर फिसलन बढ़ सकती है, इसलिए यात्री पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचे ताकि किसी प्रकार की जल्दबाजी या दुर्घटना से बचा जा सके।
प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज पर सावधानी: रेलवे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्लेटफॉर्म, सीढ़ियों और फुट ओवरब्रिज (FOB) पर चलते समय विशेष सतर्कता बरतें, क्योंकि गीले फर्श पर फिसलने का खतरा रहता है।
आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करें: किसी भी तरह की अफवाह से बचने के लिए ट्रेनों के परिचालन से जुड़ी सही जानकारी रेलवे के आधिकारिक एप, पूछताछ काउंटर या सोशल मीडिया हैंडल्स से ही प्राप्त करें।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों तक जरूरी सावधानियां पहुंचाने के व्यापक प्रबंध किए हैं। इसके तहत बिलासपुर समेत जोन के प्रमुख स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली (Announcement System), सूचना एवं डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल स्क्रीन और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लगातार यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में रेलवे के बड़े अधिकारी पर FIR महिला कर्मी पर यौन संबंध बनाने का दबाव और धमकी देने का आरोप