
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। बिलासपुर रेल मंडल के कंस्ट्रक्शन विभाग में पदस्थ इलेक्ट्रिक इंजीनियर रुखमैया मीणा के खिलाफ महिला कर्मचारी ने यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डालने और विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर तोरवा पुलिस ने अधिकारी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला ने इससे पहले रेल मंत्री, राज्य महिला आयोग और सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत की थी।
शिकायत के मुताबिक, महिला प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग में काम करती है। उसका आरोप है कि विभाग में पदस्थ अधिकारी इलेक्ट्रिक इंजीनियर रुखमैया मीणा अपने पद का कथित दुरुपयोग कर उस पर अनैतिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था।
महिला ने विरोध किया तो उसे नौकरी से हटाने की धमकी दी गई। इससे परेशान होकर महिला ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ शिकायत की और कार्रवाई की मांग की। महिला ने अपनी शिकायत में रेल मंत्री, राज्य महिला आयोग और सीएम हेल्पलाइन से कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के बाद मामले को जिला महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी के पास जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए गए थे। अब तोरवा पुलिस ने भी अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से कार्यरत है महिला: पीड़िता बिलासपुर रेल मंडल के कंस्ट्रक्शन विभाग में एक निजी प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए सेवाएं दे रही है।
पद का दुरुपयोग व अनैतिक दबाव: महिला का आरोप है कि कंस्ट्रक्शन विभाग में पदस्थ इलेक्ट्रिक इंजीनियर रुखमैया मीणा लगातार अपने शासकीय पद का कथित दुरुपयोग करते हुए उस पर अनैतिक/यौन संबंध बनाने के लिए मानसिक दबाव बना रहा था।
नौकरी से निकालने की धमकी: जब महिला ने अधिकारी की इन घटिया हरकतों और अनैतिक मांगों का पुरजोर विरोध किया, तो आरोपी इंजीनियर ने उसे प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए नौकरी से हटवाने और करियर बर्बाद करने की सीधी धमकी दी।
यह भी पढ़ें- दीपावली से पहले बिलासपुर में खाद्य विभाग का बड़ा छापा, 3 प्रसिद्ध दुकानों से मावा, कुंदा और काजू कतली के सैंपल सील